कुर्नूल के अदौनी में बस स्टैंड पर काम रही महिला सफाई कर्मचारी पर पेट्रोल छिड़क कर लगाई आग

0

कुर्नूल। आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले के अदौनी कस्बे में राज्य सड़क परिवहन निगम बस स्टैंड परिसर में काम कर रही एक महिला सफाई कर्मचारी पर अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इस हमले में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार रविवार को सफाई कर्मचारियों का एक समूह एपीएसआरटीसी बस स्टैंड परिसर में सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने 37 वर्षीय महिला कर्मचारी नरसम्मा पर अचानक पेट्रोल डाला और आग लगा दी।

पीड़िता के पति का दो साल पहले निधन हो गया था और वह अपने एक बेटे व एक बेटी के साथ रहकर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। दिनदहाड़े और कई लोगों की मौजूदगी में बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस दुस्साहसिक और जघन्य वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने अपराधियों की पहचान के लिए बस स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चला रही है।