अगरतला। त्रिपुरा के धलाई जिले की 18 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा और उभरती हुई एथलीट पंकाप्रिया मलाकार की असम के गुवाहाटी के एक हॉस्टल में मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतका के पिता मुकुल चंद्र मलाकार ने मंगलवार को यहां बताया कि कथित उत्पीड़न और मानसिक परेशानी के बाद उनकी पुत्री ने आत्महत्या की।
उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने ललिता कलवाड़िया और कटकी कलवाड़िया को गिरफ्तार किया है। पंकाप्रिया 27 अगस्त को हॉस्टल के अपने कमरे में मृत पाई गई थी। इसके बाद उसके शव को धलाई जिले के कमालपुर स्थित उसके गांव ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार समेत आवश्यक रस्में पूरी करने के बाद उसके पिता ने दो दिन पहले दिसपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
परिजनों के अनुसार, पंकाप्रिया गुवाहाटी में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और पढ़ाई में प्रतिभाशाली होने के साथ-साथ एक अच्छी एथलीट भी थी। परिवार का आरोप है कि एक अज्ञात महिला से जुड़े मामले को लेकर लगाए गए बेबुनियाद आरोपों के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
परिवार ने बताया कि 26 अगस्त को एक अज्ञात महिला पंकाप्रिया से मिलने हॉस्टल पहुंची थी। हॉस्टल के सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे पहचान नहीं होने के कारण अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद छात्रा के खिलाफ आरोप लगाए जाने लगे और उसके बारे में गलत सूचनाएं फैलाई गईं। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त महिला ने हॉस्टल प्रबंधन के सामने पंकाप्रिया के बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं, जिससे वह कथित तौर पर अपमान और मानसिक तनाव से गुजरने लगी।
रिश्तेदारों के अनुसार पंकाप्रिया इन आरोपों और अपमान से पैदा हुए दबाव को सहन नहीं कर सकी। परिवार का कहना है कि गहरे मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि संबंधित महिला पंकाप्रिया के बारे में कथित रूप से गलत सूचनाएं फैलाती रही, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
पंकाप्रिया ने 2023-24 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली खेलों/ एथलेटिक्स प्रतियोगिता में त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व किया था। परिवार के अनुसार उसने मार्चल/ एथलेटिक्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। मृतका के पिता ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहन जांच करने और यदि किसी तरह की अनियमितता या अपराध सामने आता है तो परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।



