पत्नी की हत्या कर सिर फ्रिज में रखने वाले आरोपी की मौत, पुलिस वाहन से कूदने के बाद लगी थी गंभीर चोट

0

गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में पत्नी रिया तालुकदार की हत्या और उसका सिर काटकर फ्रिज में रखने के सनसनीखेज मामले में नया मोड़ आ गया है। हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक सोमवार तड़के मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) ले जाते समय उसने चलती पुलिस गाड़ी से छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय कूद गया

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रामानुज को स्वास्थ्य संबंधी शिकायत के बाद मेडिकल जांच के लिए GMCH ले जाया जा रहा था। रास्ते में नरकासुर पहाड़ी के पास पुलिस वाहन में टायर पंक्चर होने के बाद उसे ठीक किया गया। वाहन दोबारा चलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसकी निगरानी कर रहे पुलिसकर्मी पर हमला किया और चलती गाड़ी से छलांग लगा दी।

पुलिस के अनुसार नीचे गिरने के दौरान रामानुज के सिर में गंभीर चोट लगी। उसे तत्काल GMCH ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने भी बताया कि उसे सिर में चोट और खून बहने की स्थिति में लाया गया था। मौत का अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

पत्नी की हत्या के बाद फ्रिज में रखा था सिर

रामानुज गोस्वामी पर अपनी पत्नी रिया तालुकदार गोस्वामी की हत्या का आरोप था। पुलिस के मुताबिक 3 सितंबर को दोनों के बीच कथित तौर पर पत्नी के विवाहेतर संबंध को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर रामानुज ने कथित तौर पर रिया की हत्या कर दी और उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया।

बाद में रिया का शव फ्लैट में मिला, जबकि उसका कटा हुआ सिर प्लास्टिक की थैली में लपेटकर फ्रिज के अंदर रखा हुआ पाया गया। पुलिस ने जांच के दौरान फ्रिज और कथित वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत कई साक्ष्य जब्त किए थे।

कुछ महीने पहले ही हुई थी शादी

रिया और रामानुज की शादी 22 सितंबर 2025 को हुई थी। यानी इस वारदात से एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। पुलिस जांच के अनुसार दोनों के बीच पहले भी विवाद होते थे। हत्या के बाद रामानुज ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था और पूछताछ के दौरान घटना के बारे में जानकारी दी थी। पुलिस उसके दावों और हत्या के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही थी।

कोर्ट में पेशी से पहले हुई मौत

रामानुज की सात दिन की पुलिस हिरासत पूरी हो चुकी थी और उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाना था। लेकिन कोर्ट में पेशी से पहले ही पुलिस वाहन से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। अब जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि पुलिस हिरासत में आरोपी किन परिस्थितियों में वाहन से बाहर गिरा और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई या नहीं। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।