दिल्ली में होटल के कमरे में बेहोश मिले एयर इंडिया के कैप्टन, अस्पताल में मृत घोषित

0

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक पांच सितारा होटल में एयर इंडिया के एक कैप्टन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कैप्टन होटल के कमरे में बेहोशी की हालत में मिले थे। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कैप्टन सनी असलाडेकर के रूप में हुई है। वह एयर इंडिया में पायलट थे और बोइंग-787 विमान की कन्वर्जन ट्रेनिंग के सिलसिले में दिल्ली आए थे। उन्होंने 10 सितंबर को वसंत कुंज स्थित द ग्रैंड होटल में चेक-इन किया था।

भाई को फोन नहीं उठाने पर हुआ शक

बताया जा रहा है कि 11 सितंबर को कैप्टन के भाई ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन का जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने होटल प्रबंधन से संपर्क कर भाई के बारे में जानकारी लेने को कहा।

होटल स्टाफ जब कमरे तक पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मास्टर-की की मदद से कमरे को खोला गया। अंदर कैप्टन अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस को होटल में एक मेहमान की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कैप्टन को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना के बाद क्राइम टीम ने भी होटल के कमरे का निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच के साथ मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस के अनुसार कैप्टन के शव का पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में कराया गया है। हालांकि अभी तक मौत का निश्चित कारण सामने नहीं आया है। अंतिम मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कैप्टन की मौत किस वजह से हुई।

पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत इंक्वेस्ट की कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल जांच अधिकारी होटल में कैप्टन के ठहरने, उनकी गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रहे हैं।