अधिवक्ता परिषद के स्थापना दिवस पर ई-फाइलिंग से संगठन की मजबूती तक, कई मुद्दों पर मंथन

1

अजमेर। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर अधिवक्ता परिषद अजयमेरु इकाई की ओर से नवीन न्यायालय परिसर स्थित जिला बार एसोसिएशन अजमेर के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में न्याय व्यवस्था में तकनीकी बदलाव, ई-फाइलिंग, संगठन की कार्यप्रणाली और अधिवक्ताओं की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

48 अदालतों में पेपरलेस व्यवस्था की जानकारी

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मनीष कुमार खंडेलवाल ने राजस्थान उच्च न्यायालय एवं जिला न्यायालयों में ई-फाइलिंग को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान की 48 अदालतों में पेपरलेस कार्यप्रणाली लागू की जाएगी, जिसमें अजमेर की दो अदालतें भी शामिल हैं।

उन्होंने न्यायान सॉफ्टवेयर के माध्यम से पेपरलेस अदालतों में होने वाली कार्यवाही की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। साथ ही बताया कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से अधिवक्ताओं, पक्षकारों और आमजन को समय की बचत, दस्तावेजों के बेहतर प्रबंधन तथा न्यायिक प्रक्रिया में सुविधा जैसे लाभ मिल सकते हैं।

संगठन की मजबूती में कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण

अधिवक्ता परिषद चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष बसंत कुमार विजयवर्गीय ने परिषद के गठन के उद्देश्य और संगठन की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। उन्होंने परिषद की संरचना, प्रमुख उद्देश्यों, संगठन के चार आयामों तथा ‘न्याय प्रवाह’ पुस्तिका के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन को निरंतर सक्रिय और मजबूत बनाए रखने के लिए उसके कार्यकर्ताओं में समर्पण की भावना जरूरी है। कार्यकर्ता यदि संगठन के उद्देश्यों के प्रति निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें तो संगठन अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकता है।

अधिवक्ताओं की भूमिका और बदलती न्याय व्यवस्था पर चर्चा

कार्यक्रम में वक्ताओं ने न्याय व्यवस्था में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को समय की आवश्यकता बताया। ई-फाइलिंग और पेपरलेस कोर्ट जैसी व्यवस्थाओं से न्यायिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में अधिवक्ता परिषद चित्तौड़ प्रांत के पदाधिकारी जयप्रकाश शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा और भूपेंद्र सिंह चौहान सहित अजयमेरु इकाई के महामंत्री भरत कुमावत, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अजयमेरु इकाई के अध्यक्ष भवानी सिंह रोहिला ने सभी उपस्थित अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।