पुष्कर में रामदेवरा जातरुओं के लिए 19वां भंडारा शुरू, जोगणिया धाम की ओर से भोजन प्रसादी सेवा

10

पुष्कर। तीर्थनगरी पुष्कर में रामदेवरा जाने वाले जातरुओं की सेवा के लिए जोगणिया धाम की ओर से 19वां वार्षिक भंडारा शुरू हो गया है। स्वर्गीय प्रभाती मेघवंशी की स्मृति में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह भंडारा इस बार भी चुंगी नाके के पास स्थित आईडीएसएमटी कॉलोनी में तैयार किए गए विशाल पांडाल में लगाया गया है।

भंडारे में पुष्कर पहुंचने वाले रामदेवरा जातरुओं के लिए धाम के श्रद्धालुओं की ओर से भोजन प्रसादी की सेवा की जा रही है। आयोजन के दौरान जातरुओं को भोजन उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक वातावरण में भजन-कीर्तन भी किए जा रहे हैं।

जोगणिया धाम के संस्थापक ज्योतिषाचार्य भंवरलाल के पुत्र एडवोकेट प्रशांत वर्मा भंडारे की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। आयोजन में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी सेवा कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

बताया गया कि फाजिल्का-अबोहर क्षेत्र के गांव अमरापुरा स्थित बाबा रामदेव मंदिर के गोस्वामी जी महाराज के सान्निध्य में हर वर्ष करीब 60 से 70 श्रद्धालु पुष्कर पहुंचकर इसी भंडारे में विश्राम करते है। इस बार भी श्रद्धालुओं ने भंडारे में भजन-कीर्तन किया और जातरुओं के साथ भोजन प्रसादी ग्रहण की।

आयोजकों के अनुसार रामदेवरा यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा को धार्मिक आस्था के साथ जोड़ते हुए यह भंडारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। भंडारे के दौरान जातरुओं के लिए भोजन और सेवा की व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी।