भोग से योग की यात्रा: सुकुमाल मुनि के जीवन चरित्र ने छुआ श्रद्धालुओं का मन

0

पर्युषण पर्व पर सोनी जी की नसियां में भावपूर्ण नाटिका का मंचन, साधना और आत्मबल का किया प्रभावी चित्रण

अजमेर। पर्युषण पर्व के आध्यात्मिक वातावरण में शुक्रवार को सोनी जी की नसियां स्थित सिद्धकूट चैत्यालय टेम्पल ट्रस्ट परिसर में सुकुमाल मुनि के जीवन चरित्र ने श्रद्धालुओं को भक्ति और वैराग्य से जोड़ दिया। श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग की सोनी नगर इकाई की सदस्याओं ने ‘भोग से योग’ की जीवन यात्रा को नाटिका के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

नाटिका में दिखाया गया कि सुकुमाल मुनि का प्रारंभिक जीवन सांसारिक सुख-सुविधाओं और वैभव से परिपूर्ण था। जीवन में सब कुछ होते हुए भी दिगंबर मुनियों के सान्निध्य ने उनके भीतर वैराग्य की भावना जगा दी। इसके बाद उन्होंने सांसारिक मोह-माया का त्याग कर दीक्षा ग्रहण की और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए कठोर साधना में लीन हो गए।

प्रस्तुति का सबसे भावुक प्रसंग वह रहा, जब ध्यान में लीन सुकुमाल मुनि के शरीर को सियारों द्वारा क्षत-विक्षत किए जाने के बावजूद उनके ध्यान और आत्मबल में कोई विचलन नहीं आया। नाटिका के माध्यम से उनके अद्भुत संयम, तपस्या और आत्मिक दृढ़ता को मंच पर जीवंत किया गया। अंत में उन्होंने समाधिपूर्वक देह का त्याग किया।

महिला सदस्यों ने निभाए विभिन्न किरदार

महासमिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि सोनी नगर इकाई अध्यक्ष चंदा डोसी के संयोजन में सदस्याओं ने अलग-अलग पात्रों की भूमिकाएं निभाईं। चांदनी पाटनी, पूजा डोसी, पिंकी बज, दक्षत गंगवाल, कनक पाटनी, नीलम डोसी, हंसा जैन, इंद्रा जैन, ममता लुहाड़िया, रंजना डोसी, मंजू गंगवाल, फलाश डोसी और नमामि जैन सहित अन्य सदस्याओं ने प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया।

कार्यक्रम की शुरुआत महासमिति पदाधिकारियों और गौरवी जैन के मंगलाचरण से हुई। युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने बताया कि टेम्पल ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं समाज श्रेष्ठी प्रमोद सोनी और प्रतिभा सोनी ने नाटिका में भाग लेने वाली महिलाओं तथा सहयोगियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुनि संघ सेवा समिति अध्यक्ष सुशील बाकलीवाल, ललित पांड्या, लोकेश ढीलवारी, महासमिति की सदस्याएं और बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।