नलखेड़ा में बरसाती नाले में तेज बहाव में कार बहने से ओडिशा के 7 श्रद्धालुओं समेत 8 की मौत

0

मां बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौटते समय हादसा
आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शुक्रवार रात बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने आठ परिवारों को गम में डुबो दिया। मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ओडिशा के एक परिवार के सात सदस्य और कार चालक शामिल बताए जा रहे हैं।

दर्शन के बाद लौट रहा था परिवार

पुलिस के मुताबिक ओडिशा से आए श्रद्धालुओं ने उज्जैन से टैक्सी किराये पर ली थी और नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद लौटते समय उनकी कार मंदिर के समीप स्थित बरसाती नाले के पास पहुंची। उस समय बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार नाला पार करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पानी में बह गई। वाहन में सवार लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

तीन बच्चों और दो महिलाओं की भी मौत

हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों की जान चली गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार को बरसाती नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।

बारिश बनी मुसीबत, नाले में बढ़ गया था पानी

जिला प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में करीब 37 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के बाद मंदिर के पास से गुजरने वाले नाले में पानी का स्तर और बहाव बढ़ गया था। इसी दौरान कार वहां पहुंची और तेज बहाव में फंस गई।

पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि तेज पानी के बीच वाहन नाला पार करने की कोशिश में बहाव की चपेट में आया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने बरसात के दौरान नाले पर सुरक्षा इंतजाम और स्थायी पुल की जरूरत को लेकर भी सवाल उठाए।