सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में गणेशोत्सव का समापन, गणपति बप्पा को दी विदाई

0

अजमेर। शास्त्री नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में कई दिनों से चल रहे गणेशोत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को भावपूर्ण विदाई दी। इसके बाद आजाद पार्क में विधि-विधान के साथ गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

गणेश चतुर्थी से मंदिर में रही उत्सव की धूम

मंदिर समिति के अनुसार 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गजानन की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके बाद प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गणेशोत्सव के दौरान भक्तों की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग व्यंजनों का प्रसाद और भोग अर्पित किया गया। विशेष आयोजन में गणपति बप्पा को 56 भोग भी लगाया गया।

पूजा-अर्चना के बाद निकली विसर्जन यात्रा

अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे विसर्जन से पहले पंडित शिव कुमार जोशी ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कराई। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद ढोल की थाप और जयकारों के साथ विसर्जन यात्रा रवाना हुई। मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. एसडी मिश्रा ने बताया कि विसर्जन कार्यक्रम श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति और श्याम मुरली वाला मित्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से गूंजा माहौल

विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा के भजनों और जयकारों पर झूमते नजर आए। आजाद पार्क पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर आगमन की कामना करते हुए भावपूर्ण तरीके से गणपति बप्पा को विदाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भागीदारी की।

कार्यक्रम में मंदिर समिति के सचिव दीपक भार्गव, प्रदीप सिंह वालिया, संजय मंगल, अम्बरीष वैष्णव, अजय गोयल, सुरेश केवलरमानी, मुकेश विजयवर्गीय, आशीष भटनागर, विपिन यादव, पंकज शर्मा और सुरेंद्र सहित मंदिर समिति एवं मित्र मंडल के सदस्य तथा क्षेत्रवासी मौजूद रहे।