लाड़ली घर की दृष्टिहीन बालिकाओं की कुशलक्षेम पूछी, सात्विक भोजन कराया

0

अजमेर। लायंस क्लब अजमेर आस्था की ओर से शास्त्री नगर स्थित दृष्टिहीन बालिकाओं के आवासीय विद्यालय ‘लाड़ली घर’ में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान यहां रह रही 44 दिव्यांग बालिकाओं को मिष्ठान सहित शुद्ध एवं सात्विक भोजन कराया गया। क्लब सदस्यों ने बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम भी जानी और उनका उत्साहवर्धन किया।

क्लब सचिव लायन अनिल चोरड़िया ने बताया कि यह सेवा क्लब के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन आरपी अग्रवाल एवं पूर्व सचिव लायन सुषमा अग्रवाल के सहयोग से की गई। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन पदम चंद जैन ने किया।

सेवा कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने लाड़ली घर के स्टाफ से बालिकाओं की दिनचर्या के साथ उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। विशेष रूप से दैनिक उपयोग की वस्तुओं और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के बारे में चर्चा की गई।

क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना ने सेवा में सहयोग के लिए अग्रवाल दंपती का आभार जताया। कार्यक्रम में लायन आरपी अग्रवाल, लायन सुषमा अग्रवाल, लायन पदम चंद जैन और लायन सत्येंद्र जैन ने उपस्थित रहकर भोजन सेवा संपन्न कराई।

प्रांतीय सभापति मिशन मुस्कान लायन अतुल पाटनी ने बताया कि कार्यक्रम के समापन पर लाड़ली घर के संस्थापक संत कृष्णानंद जी महाराज ने क्लब सदस्यों को आशीर्वचन प्रदान किए।

इस अवसर को अक्षत अग्रवाल के जन्मदिन से जोड़ते हुए लाड़ली घर की बालिकाओं ने उनके सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।