अजमेर में नशामुक्ति का संकल्प, कलेक्टर लोक बन्धु ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

0

विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत जिलेभर के सरकारी कार्यालयों में हुए कार्यक्रम

अजमेर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत बुधवार को अजमेर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज को नशे की बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कार्मिकों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर वन्दना खोरवाल एवं प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

सरकारी कार्यालयों में एक साथ गूंजा नशामुक्ति का संकल्प

अभियान केवल कलेक्ट्रेट तक सीमित नहीं रहा। जिले के विभिन्न विभागों, उपखंड कार्यालयों और पंचायत समितियों में भी नशामुक्ति की शपथ के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में संयुक्त निदेशक अनिल व्यास सहित अधिकारियों और कार्मिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की शपथ ली। इसी तरह सार्वजनिक निर्माण विभाग, जिला परियोजना प्रबंधक कार्यालय, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, जल संसाधन विभाग और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में भी कार्मिक अभियान से जुड़े।

नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रमों के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों से नशामुक्ति की मुहिम को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने तथा आमजन को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।