भीलवाड़ा में 1.445 किलो अफीम के साथ युवक अरेस्ट, कीमत करीब 8 लाख रुपए

1

भीलवाड़ा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईडी क्राइम ब्रांच और पुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित संगम पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1.445 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है।

संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा

पुलिस के अनुसार सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संगम पुलिया के आसपास एक युवक मादक पदार्थ की खेप लेकर मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने पुर थाना पुलिस को जानकारी दी और संयुक्त रूप से मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध युवक ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 20 वर्षीय धर्मराज जाट के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से 1 किलो 445 ग्राम अफीम बरामद की गई।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को उसके मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े होने की जानकारी मिली है। अब जांच टीम अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।

सीआईडी के इनपुट पर कार्रवाई

यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की ओर से मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। सीआईडी टीम ने पहले सूचना जुटाई और स्थान की पुष्टि के बाद स्थानीय पुर थाना पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम की सप्लाई में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।