राजगढ़ धाम पर 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रा मेला महोत्सव, 16 को भरेगा विशाल छठ मेला

0

अजमेर। समीपवर्ती राजगढ़ स्थित श्री मसाणिया भैरव धाम पर शारदीय नवरात्रा के अवसर पर इस बार भी मेला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। धाम पर 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रा मेला महोत्सव चलेगा। इस दौरान 16 अक्टूबर को बाबा का विशाल छठ मेला आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर धाम के मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज के सान्निध्य तथा नसीराबाद उपखंड अधिकारी कल्पित शिवरान की अध्यक्षता में प्रशासनिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

विभागों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

धाम के व्यवस्थापक ओमप्रकाश सेन ने नवरात्रा मेला महोत्सव से संबंधित आवश्यक कार्यों को लेकर मांग-पत्र उपखंड अधिकारी को सौंपा। इस पर उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से जुड़े सभी जरूरी कार्य छठ मेले से पहले पूरे कर लिए जाएं।

बैठक में विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग, पुलिस और चिकित्सा विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जाम से बचने के लिए एकतरफा यातायात पर जोर

छठ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के पहुंचने को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर जोर दिया गया। पुलिस की ओर से पर्याप्त जाप्ता तैनात करने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने पर चर्चा हुई, ताकि भीड़ के कारण सड़क पर जाम की स्थिति पैदा न हो।

उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने और मेले के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में नसीराबाद सदर थाना अधिकारी राधेश्याम चौधरी, कनिष्ठ अभियंता सुधाकर पांडे, बीसीएमओ श्रीनगर डॉ. सोनू शर्मा, बीपीएम श्रीनगर मदन कुमार, पीएचईडी के कनिष्ठ अभियंता शंकर लाल, पीडब्ल्यूडी नसीराबाद के सहायक अभियंता महिपाल धुधवाल, आयुर्वेद विभाग के रतनलाल और अजमेर नगर निगम के राहुल सेन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन के अनुसार बैठक में ओमप्रकाश सेन, रमेश सेन, राहुल सेन, कन्हैयालाल सोलंकी, सुनील रांका, कमल शर्मा, कैलाश सेन, बैचेलाल, विनय कुमार, धर्मेन्द्र जलपावत, नारायण मोर्य, सुरेश कांकाणी, नौरत उच्चेनिया और नीरज सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।