चेन्नई से अजमेर पहुंचे 80 श्रावक-श्राविकाएं, जैन श्री संघ ने किया आत्मीय स्वागत

0

अजमेर। चेन्नई से अजमेर पहुंचे जैन समाज के 80 श्रावक-श्राविकाओं का शनिवार को बीके कौल नगर स्थित मणीपुंज सेवा संस्थान में अजमेर जैन श्री संघ की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। दो बसों में अजमेर पहुंचे श्रद्धालु महासती श्री विनय प्रज्ञा जी म.सा. एवं श्री विधि प्रज्ञा जी म.सा. आदि ठाणा-2 के दर्शन-वंदन के लिए पहुंचे थे।

चेन्नई श्री संघ के आगमन पर अजमेर जैन श्री संघ के पदाधिकारियों और समाजजनों ने उनका अभिनन्दन किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान दोनों संघों के सदस्यों के बीच धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर संवाद भी हुआ। चेन्नई से आए प्रमुख श्रावक-श्राविकाओं का शॉल एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में अजमेर जैन श्री संघ के संरक्षक प्रकाशचंद चौपड़ा, अध्यक्ष शिखरचंद सिंगी, मंत्री कैलाशचंद गैलड़ा और कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गैलड़ा सहित समाज के अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

गुरु के महत्व पर हुआ धर्मसभा में संबोधन

दर्शन-वंदन के बाद आयोजित धर्मसभा में महासती श्री विनय प्रज्ञा म.सा. ने गुरु के महत्व और धार्मिक जीवन में गुरु मार्गदर्शन की भूमिका पर विचार रखे। श्रद्धालुओं ने धर्मसभा में सहभागिता करते हुए प्रवचन सुने।

चेन्नई से आए श्रावक-श्राविकाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और महासतीजी के दर्शन एवं धर्मसभा में शामिल होने को श्रद्धा का अवसर बताया। आयोजन के दौरान अजमेर और चेन्नई जैन श्री संघ के सदस्यों के बीच आपसी परिचय और विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

नवनिर्वाचित पार्षद का भी हुआ सम्मान

समारोह के दौरान वार्ड संख्या 1 के नवनिर्वाचित पार्षद विनोद डीडवानियां का भी समाज की ओर से अभिनन्दन किया गया। समाजजनों ने उन्हें निर्वाचन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन अजमेर जैन श्री संघ के मंत्री कैलाशचंद गैलड़ा ने किया। आयोजन के समापन पर चौपड़ा परिवार की ओर से चेन्नई से आए श्रद्धालुओं सहित उपस्थित समाजजनों के लिए हाई-टी की व्यवस्था की गई।