इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बुजुर्ग की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी। पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय युवती ने शनिवार देर रात अपने दादा के घर पहुंचकर उन पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 75 वर्षीय भगवत राव पाटिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पोती को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती की अपने माता-पिता से शनिवार रात किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह बुलेट मोटरसाइकिल से स्कीम-51 स्थित अपने दादा-दादी के घर पहुंची। उसके हाथ में क्रिकेट बैट था। उस समय भगवत राव और उनकी पत्नी घर में सो रहे थे।
आरोप है कि युवती ने सो रहे दादा पर बैट से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद भगवत राव को परिजन सांवेर रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुराने विवाद को बताया हमले की वजह
पुलिस पूछताछ में युवती ने दावा किया कि करीब दस वर्ष पहले उसके दादा ने उसके साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार किया था। युवती का कहना है कि उस समय उसने सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। पुलिस अब इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित पुरानी घटना की जानकारी परिवार के किसी सदस्य को थी या नहीं। साथ ही पुलिस दादा-पोती के बीच पिछले वर्षों में हुए विवाद और उनके आपसी संबंधों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
माता-पिता से विवाद के बाद पहुंची दादा के घर
एसीपी अशोक सिंह के अनुसार, आरोपी के पिता विजय पाटिल चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और परिवार महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में रहता है। पुलिस का कहना है कि युवती का अपने माता-पिता से भी विवाद होता रहता था। शनिवार रात भी कहासुनी के बाद वह घर से निकल गई और देर रात करीब तीन बजे बुलेट से दादा-दादी के घर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, मृतक भगवत राव पाटिल विशेष सशस्त्र बल (SAF) में पदस्थ रह चुके थे। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, घटना की परिस्थितियों और युवती द्वारा लगाए गए पुराने आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।



