अलवर। सिलीसेढ़ झील के आसपास मगरमच्छों की मौजूदगी के बीच रविवार रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने छावड़ी कॉम्प्लेक्स में मौजूद लोगों की नींद उड़ा दी। बख्तपुरा बावड़ी स्टैंड स्थित एक दुकान में सो रहे लोगों को चारपाई के नीचे मगरमच्छ दिखाई दिया। अचानक सामने आए मगरमच्छ को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि दुकान में चरण सिंह, जगत सिंह, उमेश, राजा और ऋषि चारपाई पर सो रहे थे। रात के समय चरण सिंह की नींद खुली और वह उठकर नीचे देखने लगा। इसी दौरान उसकी नजर चारपाई के नीचे पड़े मगरमच्छ पर गई। कुछ पल के लिए वह भी समझ नहीं पाया कि अंधेरे में दिखाई दे रही आकृति आखिर क्या है। मगरमच्छ होने का पता चलते ही उसने अन्य लोगों को सतर्क किया।
चारपाई के ठीक नीचे मगरमच्छ देखकर दुकान में मौजूद सभी लोग घबरा गए। किसी तरह वे चारपाई से दूर हुए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई। देखते ही देखते दुकान के बाहर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सिलीसेढ़ झील और उसके आसपास का क्षेत्र मगरमच्छों की मौजूदगी के लिए जाना जाता है। बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने और पानी के आसपास मगरमच्छों की सक्रियता बढ़ने के कारण रिहायशी तथा व्यावसायिक इलाकों में इनके पहुंचने का खतरा भी बना रहता है।



