बमूलिया गांव में जैन तीर्थ के निकट जुटेंगे पार्टी कार्यकर्ता, बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा
बारां। राजस्थान में आगामी पंचायतराज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बारां जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 14 अक्टूबर को बमूलिया गांव में जैन तीर्थ के निकट वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए होटल द्वारिका में कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
भाया ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जी एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शिरकत करने आ रहे हैं। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों, बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने एवं सम्मेलन को ऐतिहासिक व सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। साथ ही भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
गांव-ढाणी तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि कांग्रेस पंचायतराज चुनावों में पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, ढाणी और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने तथा आमजन से संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों और पंचायतराज संस्थाओं के चुनावों में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। ऐसे में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचना चाहिए।
सम्मेलन में चुनावी रणनीति पर होगा मंथन
कांग्रेस की ओर से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को आगामी पंचायतराज चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने, पार्टी की गतिविधियों को गांवों तक पहुंचाने और चुनावी मैदान में संगठन की भूमिका को प्रभावी बनाने पर जोर रहने की संभावना है।
होटल द्वारिका में हुई बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों का प्रयास है कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से अधिक से अधिक कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लें, ताकि चुनावी तैयारियों को लेकर सामूहिक रणनीति बनाई जा सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़, एससी प्रकोष्ठ के संभाग प्रभारी सत्यनारायण बमूलिया, अंता नगरपालिका चेयरमैन प्रदीप नागर, सीसवाली नगरपालिका चेयरमैन पीयूष खंडेलवाल सहित महिला कांग्रेस, सेवादल, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, युवा कांग्रेस, NSUI सहित अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों एवं पार्टी के वरिष्ठ व समर्पित कार्यकर्ता उपस्थिति रहे।



