अजमेर। जिले में पंचायत आम चुनाव-2026 के अन्तर्गत नाम निर्देशन पत्रों की वापसी के उपरान्त दो पंचायत समिति सदस्य निर्विरोध निर्वाचित किए गए है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण के पंचायत समिति वार्ड संख्या 2 से भारतीय जनता पार्टी की सुशीला तथा पंचायत समिति केकड़ी के पंचायत समिति वार्ड संख्या 3 से भारतीय जनता पार्टी की प्रकाश कंवर को सम्बन्धित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।
वाहन, लाउड स्पीकर, पोस्टर एवं बैनर की अनुमति के लिए किया अधिकृत
पंचायत आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत सरपंच, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य के अभ्यर्थी या उसके निर्वाचन अभिकर्त्ता को सभा स्थल, रैली, वाहन, लाउड स्पीकर, गैर वाणिज्यिक एयरपोर्ट, हैलीपेड, पोस्टर एवं बैनर की अनुमति जारी करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना द्वारा पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी को जिला परिषद सदस्य के निर्वाचन के लिए सहायक रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने दी।



