सिरोही के रामझरोखा मैदान में 1008 दीपों से माता की महाआरती

25


भक्ति और गरबा की धूम के बीच नवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन

नवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन, 51 उत्कृष्ट गरबा प्रतिभागियों को पुरस्कार
सिरोही। देवनगरी सिरोही के रामझरोखा मैदान में श्री जगदम्बे नवयुवक मंडल की ओर से आयोजित नगर मुख्य नवरात्रि महोत्सव-2026 का समापन भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के बीच हुआ। समापन अवसर पर मां जगदम्बा के दरबार में 1008 दीपकों से महाआरती की गई। दीपों की रोशनी, गूंजते जयकारों और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। महाआरती में शामिल होने और मां भगवती के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामझरोखा मैदान पहुंचे।

मंडल के संरक्षक लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर मां भगवती की सामूहिक आराधना की। दीपों से जगमगाते दरबार में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। महाआरती अयोध्या के संत शिवमदास महाराज और उनके गुरुवर के आतिथ्य में संपन्न हुई। दोनों संतों ने श्रद्धालुओं से धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूक रहने तथा भारतीय परंपराओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

सुबह 4 बजे तक गरबा, महिलाओं और बालिकाओं में दिखा उत्साह

नौ दिवसीय महोत्सव के दौरान रामझरोखा मैदान में प्रतिदिन गरबा और भक्ति संगीत की धूम रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और बालिकाओं ने गरबा गीतों की धुन पर मां भगवती की आराधना की। अंतिम दिनों में गरबा पांडाल में उत्साह इस कदर बना रहा कि मातृशक्ति सुबह चार बजे तक नृत्य करती रही।

गरबा आयोजन में नई पीढ़ी की भागीदारी और पारंपरिक लोक संस्कृति के प्रति आकर्षण भी देखने को मिला। धार्मिक आयोजन के साथ महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने महोत्सव को सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी खास बनाया। नौ दिनों तक चले कार्यक्रमों में शहरवासियों ने परिवार और परिचितों के साथ पहुंचकर उत्सव का आनंद लिया।

51 प्रतिभागियों का चयन कर दिए विशेष पुरस्कार

गरबा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए मंडल की ओर से पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नौ दिनों के प्रदर्शन के आधार पर 51 प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

मंडल के मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी ने बताया कि पुरस्कार वितरण का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी को पारंपरिक गरबा तथा सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने किए मां के दर्शन

नवरात्रि महोत्सव में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां भगवती के दर्शन कर श्रद्धालुओं और आयोजन समिति को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंडल की ओर से संयम लोढ़ा सहित दशरथ नरूका और पुनीत जैन का स्वागत किया गया।

धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का केंद्र बना महोत्सव

श्री जगदम्बे नवयुवक मंडल, रामझरोखा सिरोही की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव शहर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। नौ दिनों तक चले कार्यक्रम में पूजा-अर्चना, भक्ति संगीत, गरबा और सामूहिक आराधना के माध्यम से धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का प्रयास किया गया।

आयोजन की व्यवस्थाओं में मंडल के मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी, संरक्षक गिरीश सगरवंशी, लोकेश खंडेलवाल, गांधीभाई पटेल, विजय पटेल, रणछोड़ पुरोहित, राजेश गुलाबवानी, प्रकाश प्रजापति, प्रकाश खारवाल, अध्यक्ष अतुल रावल, दिनेश प्रजापत, शैतान खरोर, सज्जनसिंह राजपुरोहित, रूपेंद्र, हीरालाल माली, महेश पटेल, हरिश खत्री, महेंद्र कुमार, अश्विन कुमार, मनीष खत्री, प्रतीक प्रजापत, गोविंद माली, सुरेश टेलर, कुलदीप सोनी, मगन मीणा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।

1008 दीपों की महाआरती और गरबा की गूंज के बीच संपन्न हुआ यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।