अजमेर। जरूरतमंदों की सहायता और जीवदया के क्षेत्र में किए गए सेवा कार्यों के लिए लायंस क्लब अजमेर आस्था को लायंस क्लब्स इंटरनेशनल, प्रांत 3233 ई-2 में सर्वोच्च सम्मान मिला है। नाकोड़ा स्थित ऋषभ रिसॉर्ट में आयोजित प्रांत की द्वितीय प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक में क्लब को प्रथम तीन माह की गतिविधियों के आधार पर प्रांत के 156 क्लबों में पहला स्थान प्रदान किया गया।
प्रांतीय प्रतिस्पर्धा अधिकारी लायन अंजली नैनावटी ने विभिन्न क्लबों की ओर से किए गए सेवा प्रकल्पों और गतिविधियों की रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की। रिपोर्ट के आधार पर लायंस क्लब अजमेर आस्था को प्रांत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले क्लब के रूप में चुना गया। प्रांतपाल लायन निशांत जैन ने क्लब को सम्मानित किया।
जरूरतमंदों की सेवा और जीवदया पर रहा फोकस
क्लब सचिव लायन अनिल चोरड़िया ने बताया कि क्लब की ओर से पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ जीवदया से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इन्हीं गतिविधियों के मूल्यांकन के बाद क्लब को यह उपलब्धि मिली है।
सम्मान मिलने के बाद क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना ने सेवा कार्यों में सहयोग करने वाले क्लब सदस्यों और भामाशाहों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से वर्षभर जरूरतमंदों की सहायता, पीड़ितों की सेवा और जीवदया से जुड़े प्रकल्प जारी रखे जाएंगे।
प्रांतीय बैठक में 156 क्लबों के पदाधिकारी जुटे
प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व प्रांतपाल लायन अरविंद शर्मा, लायन दिलीप तोषनीवाल, कैबिनेट सेक्रेटरी लायन अभिषेक खजांची, संभागीय अध्यक्ष लायन मुकेश कर्णावट, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन पदम चंद जैन, कोषाध्यक्ष लायन विनय कुमार लोढ़ा सहित कैबिनेट सेक्रेटेरिएट के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रांत के 156 क्लबों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। सेवा गतिविधियों के मूल्यांकन के आधार पर लायंस क्लब अजमेर आस्था को प्रथम स्थान मिलना क्लब के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



