जयपुर। राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। वाराणसी और साबरमती के बीच नई दैनिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा शुरू की जा रही है। यह ट्रेन राजस्थान के 13 रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे अजमेर, ब्यावर, जयपुर, किशनगढ़, आबूरोड, फालना और भरतपुर सहित प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, नई रेलसेवा के शुभारंभ के अवसर पर शुक्रवार 30 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 09405 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट उद्घाटन स्पेशल ट्रेन साबरमती से सुबह 10:30 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन अगले दिन शनिवार को सुबह 11:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
राजस्थान के इन 13 स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई रेलसेवा गुजरात के साबरमती से महेसाणा और पालनपुर होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। प्रदेश में इसके ठहराव आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महुआ रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर में निर्धारित किए गए हैं।
राजस्थान के इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से यात्रियों को वाराणसी के साथ-साथ गुजरात और उत्तर प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर अजमेर, जयपुर और भरतपुर से काशी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सकेगा।
वाराणसी से शाम 5:30 बजे चलेगी ट्रेन
प्रारंभिक समय-सारणी के अनुसार वाराणसी-साबरमती दैनिक एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 12206 वाराणसी से शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 12205 साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस साबरमती से सुबह 5:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
22 एलएचबी कोच से सुसज्जित होगी ट्रेन
उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इनमें एक एसी प्रथम श्रेणी, दो एसी द्वितीय श्रेणी, छह एसी तृतीय श्रेणी, छह शयनयान, पांच सामान्य श्रेणी तथा दो एसएलआर कोच शामिल हैं।
रेलवे के इस नए रेल संपर्क से राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रियों की आवाजाही को सुविधा मिलेगी। धार्मिक पर्यटन, व्यापार और पारिवारिक यात्राओं के लिहाज से भी यह रेलसेवा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रेलवे के अनुसार नई दैनिक रेलसेवा संख्या 12206/12205 के नियमित संचालन की विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी। यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक समय-सारणी और टिकट उपलब्धता की जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।



