अजमेर में रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण को मिलेगी रफ्तार, गुलाबबाड़ी फाटक दिसंबर तक खोलने की तैयारी

0

संभागीय आयुक्त, डीआरएम और कलक्टर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर दिए समयबद्ध पूरा करने के निर्देश
सुभाष नगर ब्रिज जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य, डेयरी आरओबी दिसंबर 2027 से पहले होगा तैयार
अजमेर। शहर में रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम और यातायात की समस्या से राहत दिलाने के लिए निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) एवं अंडरब्रिज (आरयूबी) परियोजनाओं को गति देने की कवायद तेज हो गई है। गुलाबबाड़ी, सुभाष नगर, डेयरी, जोन्सगंज, आदर्श नगर और परबतपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भूतड़ा और जिला कलक्टर लोक बंधु ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

डीआरएम कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में रेलवे, राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (आरएसआरडीसी), जिला प्रशासन, अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए), नगर निगम और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में विभागीय समन्वय की कमी और तकनीकी बाधाओं को दूर कर आमजन को जल्द राहत पहुंचाने के प्रयास किए जाएं।

गुलाबबाड़ी रेलवे फाटक पर दिसंबर तक यातायात शुरू करने का लक्ष्य

गुलाबबाड़ी रेलवे फाटक क्षेत्र में निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि दिसंबर तक यहां से यातायात सुचारू रूप से शुरू करने का प्रयास किया जाए। इसके लिए निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ सड़क सुदृढ़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। परियोजना से जुड़े शेष कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया।

सुभाष नगर आरओबी-आरयूबी जुलाई तक पूरा करने की तैयारी

सुभाष नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन आरओबी और आरयूबी को लेकर संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी जुलाई माह तक दोनों कार्य पूरे करने का प्रयास करने को कहा। अधिकारियों को निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी तरह की बाधा का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए।

डेयरी आरयूबी से मिली राहत, आरओबी दिसंबर 2027 से पहले बनेगा

अजमेर डेयरी क्षेत्र में आरयूबी शुरू होने से वाहन चालकों को पहले की तुलना में कुछ राहत मिली है। वहीं यहां प्रस्तावित आरओबी के निर्माण को लेकर संभागीय आयुक्त ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम को आगे बढ़ाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को दिसंबर 2027 से पहले आरओबी का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिया गया।

जोन्सगंज डबल फाटक पर रेलवे करेगा निर्माण

जोन्सगंज डबल फाटक क्षेत्र में प्रस्तावित दोनों आरओबी और आरयूबी का निर्माण रेलवे के स्तर पर किया जाएगा। इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अशोक तंवर को रेलवे के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

आदर्श नगर में भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश

आदर्श नगर क्षेत्र में प्रस्तावित आरओबी और आरयूबी के निर्माण के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण को आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने को कहा गया। निर्माण की निर्धारित सीमा में आने वाली भूमि के अवाप्ति संबंधी मामलों को सक्षम स्तर से तत्काल निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परियोजना में देरी नहीं हो।

परबतपुरा आरयूबी के लिए पाइपलाइन शिफ्टिंग 15 दिसंबर तक

परबतपुरा में प्रस्तावित आरयूबी निर्माण की राह में गैस और पेयजल पाइपलाइन स्थानांतरण का काम महत्वपूर्ण है। संभागीय आयुक्त ने संबंधित विभागों को दोनों पाइपलाइनों को 15 दिसंबर तक शिफ्ट करने के निर्देश दिए, जिससे आगे का निर्माण कार्य बिना बाधा शुरू किया जा सके।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया निर्माण कार्यों का जायजा

बैठक के बाद संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, डीआरएम राजू भूतड़ा और जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुलाबबाड़ी, सुभाष नगर और दौराई स्थित निर्माणाधीन ओवरब्रिज एवं अंडरपास का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर कार्यों की स्थिति, निर्माण की प्रगति और यातायात व्यवस्था से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रवीण कुमार सहित रेलवे, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।