भीलवाड़ा में एसएसओ आईडी से होल्ड हटाने के बदले कनिष्ठ लेखाकार पर एक लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, एसीबी ने दर्ज किया केस

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भीलवाड़ा जिले की करेड़ा पंचायत समिति में तैनात कनिष्ठ लेखाकार धर्मवीर के खिलाफ एक लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम पंचायत उमरी की एसएसओ आईडी पर लगा होल्ड हटाने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराने के बाद एसीबी ने यह कार्रवाई की। हालांकि, आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए बनाई गई ट्रैप की योजना सफल नहीं हो सकी।

एसीबी के अनुसार परिवादी ने भीलवाड़ा प्रथम चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत उमरी की सिंगल साइन ऑन (एसएसओ) आईडी को पंचायत समिति करेड़ा के विकास अधिकारी गुलाबचंद ने होल्ड कर रखा है। इसके कारण पंचायत से जुड़े कार्य और भुगतान प्रभावित हो रहे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आईडी से रोक हटाने के बदले विकास अधिकारी के नाम पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी एवं कनिष्ठ लेखाकार धर्मवीर के माध्यम से एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।

सत्यापन में 40 हजार रुपए पहले लेने की बात भी आई सामने

शिकायत मिलने पर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर 22 जनवरी 2026 को रिश्वत मांग की गोपनीय जांच और सत्यापन कराया गया। इस दौरान धर्मवीर ने कथित तौर पर परिवादी को एक लाख रुपए की राशि ग्राम पंचायत उमरी के सचिव शांतिलाल को देने के लिए कहा। सत्यापन में यह तथ्य भी सामने आया कि परिवादी से पहले ही 40 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली जा चुकी थी। आरोपी ने परिवादी को इस संबंध में विकास अधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए भी कहा था।

ट्रैप की भनक लगने से नहीं हो सका लेन-देन

एसीबी की टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई, लेकिन प्रस्तावित कार्रवाई की भनक आरोपी तक पहुंचने के कारण रिश्वत का लेन-देन नहीं हो सका। इसके बावजूद गोपनीय सत्यापन में रिश्वत मांगने के आरोप प्रमाणित होने पर एसीबी ने 10 नवंबर 2026 को धर्मवीर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला संख्या 317/2026 दर्ज किया।

एसीबी अजमेर रेंज के डीआईजी नारायण टोगस के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच पुलिस निरीक्षक कल्पना को सौंपी गई है। एसीबी अब पूरे प्रकरण में विकास अधिकारी गुलाबचंद और ग्राम पंचायत सचिव शांतिलाल सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।