भाई दूज पर ब्रह्माकुमारी प्रभु पसंद भवन में भाइयों को लगाया तिलक, सुख-समृद्धि की कामना

0

अजमेर। शास्त्री नगर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रभु पसंद भवन सेवा केन्द्र में भाई दूज का पर्व आध्यात्मिक उल्लास और भाई-बहन के पवित्र प्रेम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेवा केन्द्र की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा बहन और बीके कीर्ति बहन ने उपस्थित भाइयों के मस्तक पर तिलक लगाकर उनके सुखी, स्वस्थ, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी आशा बहन ने कहा कि भाई दूज केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आत्मिक प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का संदेश देने वाला पर्व है। मस्तक पर लगाया जाने वाला तिलक आत्मसम्मान, विजय और श्रेष्ठ जीवन का प्रतीक है। यह हमें अपनी वास्तविक पहचान आत्मा के रूप में समझने और जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि तिलक लगाने का आध्यात्मिक भाव जीवन की बुराइयों, कमजोरियों, नकारात्मक विचारों और व्यर्थ चिंतन पर विजय प्राप्त करने के संकल्प से जुड़ा है। भाई दूज का पर्व भाई-बहन के बीच स्नेह और विश्वास के रिश्ते को मजबूत करने के साथ एक-दूसरे के प्रति शुभभावना रखने का अवसर भी है।

आशा बहन ने कहा कि बहन द्वारा भाई के मस्तक पर लगाया गया तिलक उसकी सुरक्षा, उन्नति और मंगलमय जीवन की कामना का प्रतीक है। वहीं भाइयों का भी दायित्व है कि वे श्रेष्ठ कर्मों को अपनाएं तथा परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। सभी के प्रति सम्मान, सहयोग और सद्भाव की भावना रखना ही इस पर्व की सच्ची सार्थकता है।

उन्होंने कहा कि परमात्मा से शक्ति प्राप्त कर व्यक्ति अपने विचारों और संस्कारों को श्रेष्ठ बना सकता है। सकारात्मक सोच और अच्छे कर्मों के माध्यम से ही जीवन में वास्तविक विजय प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम का संचालन बीके पूनम बहन ने किया। इस अवसर पर बीके ओमप्रकाश, बीके रमेश, बीके राव, मंगला बहन और विवेक भाई सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने भाई दूज के अवसर पर आपसी प्रेम, सद्भावना और आध्यात्मिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।