विकास प्रदर्शनी में 20 से 24 नवंबर तक स्टॉल नंबर 45 पर निःशुल्क ध्यान सत्र
पुष्कर। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में इस बार धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों के साथ मानसिक शांति और तनावमुक्ति का अनुभव भी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को मिलेगा। श्री रामचंद्र मिशन, अजमेर की ओर से मेले में 20 से 24 नवंबर तक हार्टफुलनेस ध्यान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को कुछ मिनट ध्यान के लिए निकालने तथा मन को शांत रखने की प्रेरणा दी जाएगी।
शिविर के प्रचार पोस्टर का विमोचन शनिवार को पुष्कर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बाकोलिया एवं पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में किया। इस अवसर पर आयोजकों ने शिविर की गतिविधियों और हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति के बारे में जानकारी दी।
शिविर पुष्कर मेला मैदान में विकास प्रदर्शनी के स्टॉल नंबर 45 पर लगाया जाएगा। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हार्टफुलनेस पद्धति के तहत पांच मिनट का रिलैक्सेशन और ध्यान अभ्यास निःशुल्क कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य मेले की भागदौड़ और व्यस्तता के बीच लोगों को मानसिक सुकून, एकाग्रता और आत्मिक शांति का अनुभव कराना है।
पोस्टर विमोचन के दौरान श्री रामचंद्र मिशन अजमेर के सेंटर कोऑर्डिनेटर अमिंदर मैक एवं हार्टफुलनेस ध्यान प्रशिक्षक अंकुर तिलक गहलोत ने अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को पांच मिनट का रिलैक्सेशन एवं ध्यान अभ्यास करवाया। अभ्यास के बाद प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शांति, शरीर में हल्केपन और गहरे आराम का अहसास होने की बात कही।
नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बाकोलिया ने पुष्कर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीणजनों और पर्यटकों से शिविर में पहुंचकर ध्यान का अनुभव लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेले की रौनक और विभिन्न गतिविधियों के बीच कुछ समय स्वयं के लिए निकालना भी जरूरी है। हार्टफुलनेस ध्यान शिविर लोगों को मानसिक शांति और सकारात्मकता से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
पुष्कर मेले का आयोजन 17 से 24 नवंबर तक निर्धारित है। मेले के दौरान 20 नवंबर से आध्यात्मिक पदयात्रा सहित धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। ऐसे में हार्टफुलनेस ध्यान शिविर मेले में आने वाले लोगों के लिए आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ आत्मिक शांति अनुभव करने का एक अतिरिक्त अवसर होगा।



