बीएम संदीप बने तेलंगाना कांग्रेस के नए प्रभारी, मीनाक्षी नटराजन की जगह लेंगे

0

नई दिल्ली। कांग्रेस ने तेलंगाना में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने के उद्देश्य से पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रह चुके बीएम संदीप को प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। वह निवर्तमान प्रभारी मीनाक्षी नटराजन का स्थान लेंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में इस नियुक्ति की जानकारी दी। पार्टी ने मीनाक्षी नटराजन के कार्यकाल के दौरान संगठन के लिए दिए गए उनके योगदान की सराहना की है।

बीएम संदीप कर्नाटक के रहने वाले हैं और उन्हें कांग्रेस संगठन में काम करने का अनुभव है। वह इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में सह प्रभारी के तौर पर भी काम कर चुके हैं। इन राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के राजनीतिक कार्यक्रमों से जुड़ा उनका अनुभव तेलंगाना में नई जिम्मेदारी निभाने में उपयोगी माना जा रहा है।

बीएम संदीप को संगठनात्मक कामकाज का अच्छा अनुभव रखने वाला नेता माना जाता है। वह कर्नाटक के चिकमगलूर क्षेत्र से आते हैं। इससे पहले गुजरात में एआईसीसी सचिव, महाराष्ट्र में सह प्रभारी और कर्नाटक में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय एवं राज्य संयोजक के रूप में भी काम कर चुके हैं। भारतीय युवा कांग्रेस के चुनावों में रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

संगठनात्मक चुनौतियों के बीच मिली जिम्मेदारी

तेलंगाना में कांग्रेस सरकार होने के बावजूद पार्टी संगठन के भीतर विभिन्न मुद्दों को लेकर मतभेद सामने आते रहे हैं। हाल ही में प्रदेश के कुछ नेताओं के सार्वजनिक बयानों और आपसी खींचतान को लेकर केंद्रीय नेतृत्व ने भी रिपोर्ट मांगी थी। ऐसे राजनीतिक माहौल में बीएम संदीप की नियुक्ति को संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नई जिम्मेदारी के तहत संदीप के सामने प्रदेश नेतृत्व, मंत्रियों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की चुनौती होगी। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

मीनाक्षी नटराजन के स्थान पर संदीप की नियुक्ति से तेलंगाना कांग्रेस के संगठनात्मक कामकाज में नए बदलावों की संभावना जताई जा रही है। अब देखना होगा कि नए प्रभारी प्रदेश संगठन की चुनौतियों से किस तरह निपटते हैं।