जयपुर/पुष्कर। राजस्थान की धार्मिक और पर्यटन नगरी पुष्कर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीर्थाटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। राज्य सरकार ने पुष्कर के समग्र विकास के लिए 418.70 करोड़ रुपये की मेगा परियोजना तैयार की है। इसके तहत ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर, पुष्कर सरोवर के 52 घाटों का सौंदर्यीकरण, 16 प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार और परिक्रमा मार्ग का विकास किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में पुष्कर के विकास को लेकर हुई बैठक में मंदिरों, घाटों और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। योजना में भव्य प्रवेश द्वार, सड़कों का विकास, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे कार्य भी शामिल हैं।
52 घाटों और 16 मंदिरों का होगा विकास
परियोजना के तहत पुष्कर सरोवर के 52 घाटों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। घाटों पर चेंजिंग रूम, सुरक्षित सीढ़ियां, रैम्प, साइनेज और बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। वहीं ब्रह्मा मंदिर, वराह मंदिर सहित 16 प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार और संरक्षण की योजना है। निर्माण कार्यों में धार्मिक स्थलों की पारंपरिक स्थापत्य शैली और ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने पर जोर रहेगा।
पर्यटकों के लिए विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
योजना में दो एंट्री प्लाजा, पार्किंग, बस स्टॉप और ट्रामवे स्टेशन विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा हेरिटेज ट्राम, संग्रहालय, लाइट एंड साउंड शो तथा संगीतमय फव्वारों जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। सरोवर के आसपास लेक फ्रंट विकास और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के कार्य भी किए जाएंगे।
धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा प्रोत्साहन
पुष्कर में प्रतिवर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। विशेष रूप से कार्तिक मेले के दौरान यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में बेहतर सड़क, पार्किंग, घाट और यातायात सुविधाएं विकसित होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और पर्यटन व्यवसाय को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का उद्देश्य पुष्कर की पौराणिक पहचान और धार्मिक महत्ता को बनाए रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थनगरी के रूप में विकसित करना है। परियोजना पूरी होने के बाद पुष्कर का धार्मिक और पर्यटन स्वरूप नए रूप में सामने आने की उम्मीद है।



