अजमेर। सिन्धी सदभावना समिति की ओर से आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया। समारोह में सिन्धी समाज के नवनिर्वाचित पार्षदों सहित समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
समिति अध्यक्ष किशन खुराना ने बताया कि समारोह का शुभारंभ भगवान गणेश की स्तुति के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रताप पिनजानी तथा विशिष्ट अतिथि चन्द नावानी ने समाज के वरिष्ठ नागरिक घनश्याम शिवनानी और लेखराज हिरदानी को सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों के सामाजिक अनुभव और समाज के प्रति उनके योगदान को सराहा गया।
समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन चेलानी ने बताया कि समाजसेवा और सामाजिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले हरीश हिंगोरानी, अनिल उदासीन, राजेन्द्र जयसिंघानी, भारती लालवानी, कुन्ती पटलानी, लेखराज ठाकुर और पुरुषोत्तम खेमानी को भगवान झूलेलाल का स्मृति चिह्न भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों का अभिनंदन रहा। सिन्धी समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए निर्वाचित हुए रमेश चेलानी, रश्मि रिंगोरानी, हेमलता खत्री, सुनील मोतियानी, संदीप माखीजानी, विनोद आसनानी, ईश्वर टहलयानी, विकास लालवानी और कुमार लालवानी को शॉल, स्मृति चिह्न और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने वार्डों के विकास के साथ समाज और शहर के हित में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में तुलसी नानवानी, हरीश मसंद, प्रताप पिनजानी, वीणा नानवानी, भारती लालवानी और राजेश आनंद ने गीत-संगीत की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
कार्यक्रम का संचालन कुन्ती परलानी ने किया। समारोह की व्यवस्थाओं में सचिव चन्द्र बालानी, इन्द्र चन्दनानी, राजेश आनंद, नारायण ईसरानी, सुरेश क्षब्बानी, राजकुमार कृपलानी, हरीश गोपलानी सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। समारोह का समापन सामाजिक एकजुटता और पारस्परिक सद्भाव की भावना के साथ हुआ।





