पुष्कर मेले का ध्वजारोहण के साथ भव्य आगाज, विदेशी मेहमानों ने भी बिखेरे राजस्थानी संस्कृति के रंग

0

अजमेर/पुष्कर। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले 2026 का मंगलवार को पारंपरिक ध्वजारोहण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य शुभारम्भ हुआ। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने मेला मैदान में विधिवत ध्वजारोहण कर मेले की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर राजस्थानी लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, नगाड़ा वादन, अश्व प्रदर्शन और देशी-विदेशी खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल मुकाबले ने समारोह को आकर्षक बना दिया।

शुभारम्भ समारोह में संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि, जिला कलक्टर लोक बंधु और पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

पुष्कर कॉरिडोर की डीपीआर तैयार, जल्द शुरू होंगे विकास कार्य

ध्वजारोहण समारोह को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर मेला राजस्थान की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। राज्य सरकार तीर्थराज पुष्कर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि पुष्कर कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और इसकी निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही कुछ विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे, जबकि अन्य कार्यों के कार्यादेश भी जल्द जारी किए जाएंगे। इससे पुष्कर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

मंत्री ने क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए मोर सागर में करोड़ों रुपये की लागत से जल उपलब्ध कराने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के माध्यम से प्रदेश की जल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा।

नाथूलाल सोलंकी के नगाड़ों की गूंज से गूंजा मेला मैदान

समारोह की शुरुआत ज्योतिषाचार्य पंडित कैलाशनाथ दाधीच के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी और उनके दल ने सामूहिक नगाड़ा वादन की शानदार प्रस्तुति दी। नगाड़ों की एकसमान लय और पारंपरिक धुनों ने समारोह में मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया। मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भी नगाड़ा वादन में हाथ आजमाया। कार्यक्रम में ब्राजील की सिल्विया कैबरल ने राजस्थानी लोकगीत प्रस्तुत कर विदेशी मेहमानों और स्थानीय दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

लोकनृत्य से दिखाई राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत

राजस्थान की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हुए पारंपरिक वेशभूषा में सजी 100 से अधिक बालिकाओं ने सामूहिक लोकगीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया। बालिकाओं ने ‘पणिहारी’ और ‘म्हारो प्यारो राजस्थान’ सहित विभिन्न लोकगीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सामूहिक नृत्य और रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों ने मेला मैदान को राजस्थानी संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।

विदेशी टीम ने फुटबॉल में देशी टीम को 5-1 से हराया

पुष्कर मेले के शुभारम्भ के साथ खेलकूद गतिविधियों की भी शुरुआत हुई। मेले में स्थानीय और विदेशी खिलाड़ियों की टीमों के बीच फुटबॉल मुकाबला आयोजित किया गया। मंत्री सुरेश सिंह रावत ने टॉस कर मैच का शुभारम्भ किया। मुकाबले में विदेशी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशी टीम को 5-1 से पराजित किया।

इसके अलावा राजस्थान पुलिस अकादमी के प्रशिक्षित घुड़सवारों ने अश्व प्रदर्शन के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया। घुड़सवारों ने स्टैंडिंग सैल्यूट, टेंट पैकिंग, शो जंपिंग और म्यूजिकल हॉर्स राइड जैसे रोमांचक करतब दिखाए। घोड़ों के अनुशासित प्रदर्शन और घुड़सवारों के कौशल को दर्शकों ने खूब सराहा।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

उपखंड अधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट गुरु प्रसाद तंवर ने बताया कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन तथा पुलिस के विशेष शिविर स्थापित किए गए हैं। सरोवर क्षेत्र और मेला स्थल पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से मेले के दौरान स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजस्थान की परंपरा ‘अतिथि देवो भव’ के अनुरूप देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक पर्यटक का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि सभी आगंतुकों को सुरक्षित, स्वच्छ और आनंददायक वातावरण मिले।

समारोह में अतिरिक्त कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, पशुपालन विभाग के मेला अधिकारी डॉ. नवीन परिहार, पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया, उपसभापति लक्ष्मी पाराशर, प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर लोक संस्कृति, खेल और पर्यटन गतिविधियों तक पुष्कर मेले के पहले दिन की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि राजस्थान की लोक परंपराओं और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक मेल-मिलाप का भी बड़ा मंच है।