‘लोकमंथन-2026’, 24 सत्रों में होगा भारतीय परंपराओं पर मंथन
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, निर्मला सीतारमण और मुख्यमंत्री भजनलाल की रहेगी मौजूदगी
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर दिसंबर में देश की लोक संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान और भारतीय सभ्यतागत विरासत के बड़े आयोजन की साक्षी बनेगी। लोकमंथन के पांचवें राष्ट्रीय संस्करण का आयोजन 4 से 6 दिसंबर 2026 तक जवाहर कला केंद्र में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर से दो हजार से अधिक चयनित प्रतिभागी और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान लोकजीवन, लोकचेतना, भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर 24 समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन की जानकारी बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एवं लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव जे. नंदकुमार तथा राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं आयोजन समिति की अध्यक्ष दिया कुमारी ने दी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और अयोध्या स्थित श्रीहनुमत निवास के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण सहित कई प्रमुख व्यक्तित्व शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष हर्ष चौहान भी वक्ताओं में शामिल रहेंगे।
लोक परंपराओं और आधुनिक ज्ञान के बीच बनेगा संवाद
जे. नंदकुमार ने कहा कि लोकमंथन महज सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय लोकजीवन, लोकचेतना और ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय विमर्श में प्रमुख स्थान दिलाने का प्रयास है। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के अनुभवों, पारंपरिक ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक अकादमिक एवं बौद्धिक विमर्श से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि लोकमंथन की शुरुआत वर्ष 2016 में भोपाल से हुई थी। इसके बाद रांची, गुवाहाटी और हैदराबाद में चार संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। पांचवां संस्करण अब जयपुर में होने जा रहा है। पिछले आयोजनों के माध्यम से देश की अनेक ऐसी लोक परंपराओं, कलाओं और पारंपरिक ज्ञान पद्धतियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, जिन्हें पहले पर्याप्त मंच नहीं मिल पाता था।
इस बार लोकशिक्षा, लोकस्वास्थ्य, लोकसंवाद, लोकविज्ञान, लोककला, लोकविमर्श, भारतीय खेल परंपराओं और पारंपरिक मौसम अनुमान जैसे विषयों पर 24 समानांतर सत्र होंगे। प्रत्येक सत्र लगभग डेढ़ से दो घंटे का रहेगा। इन सत्रों की विशेषता यह होगी कि पहले संबंधित लोक परंपराओं से जुड़े वास्तविक जानकार और प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके बाद शिक्षाविद, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता उनके साथ संवाद करेंगे। इन चर्चाओं से प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर लोकशिक्षा, लोकस्वास्थ्य, पाठ्यक्रम निर्माण और भविष्य के शोध के लिए सुझाव तैयार किए जाएंगे।
रोमा और यजीदी समुदायों के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
लोकमंथन-2026 में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। रोमा, यजीदी और लातविया से जुड़े सांस्कृतिक प्रतिनिधियों की भागीदारी के माध्यम से विश्व की प्राचीन सभ्यताओं और सांस्कृतिक परंपराओं के बीच समानताओं तथा साझा अनुभवों पर चर्चा की जाएगी। आयोजन में शामिल होने के लिए पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना उद्देश्य : दिया कुमारी
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान में लोकमंथन की मेजबानी करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, लोककलाओं, भाषाओं, परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भारतीय विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को शिक्षा एवं सामाजिक विमर्श में उचित स्थान मिलना आवश्यक है। नई शिक्षा नीति और राज्य सरकार के प्रयास इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आठ हजार किलोमीटर की लोकदर्शन यात्रा से गांव-ढाणियों तक पहुंचा संदेश
दिया कुमारी ने बताया कि लोकमंथन के विचार और उद्देश्य को प्रदेश के गांवों तथा ढाणियों तक पहुंचाने के लिए राजस्थान में तीन चरणों में लोकदर्शन यात्रा आयोजित की गई। करीब आठ हजार किलोमीटर की इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के सभी 41 जिलों और सैकड़ों गांवों को जोड़ा गया।
यात्रा के दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प प्रदर्शनियां, महिला सम्मेलन, युवा संवाद और ग्राम दर्शन जैसे आयोजन किए गए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं, स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक ज्ञान के जानकारों को अपनी कला एवं संस्कृति प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमंथन में केवल मंचीय भाषणों तक कार्यक्रम सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संवादात्मक सत्रों में युवा और महिलाएं भी अपने विचार रख सकेंगे। उन्होंने ‘लोक से लोकचेतना, लोकचेतना से लोकशक्ति और लोकशक्ति से राष्ट्रशक्ति’ के विचार को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। तीन दिन तक चलने वाला यह आयोजन भारतीय लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक ज्ञान को समकालीन संदर्भों में समझने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का राष्ट्रीय मंच बनेगा।



