फिलीपींस दौरे से लौटते ही मोदी ने संभाला सरकार का मोर्चा, मंत्रिपरिषद की बैठक में योजनाओं और मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा

0

भारत मंडपम में साढ़े तीन घंटे चला मंथन, विकसित भारत 2047 और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की। फिलीपींस के मनीला में आयोजित आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेकर स्वदेश लौटने के कुछ ही घंटों बाद हुई इस बैठक में सरकार के कामकाज, विभिन्न मंत्रालयों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक करीब साढ़े तीन घंटे तक चली।

बैठक में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति प्रमुख केंद्र में रही। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से पिछली बैठक में सौंपे गए लक्ष्यों और जिम्मेदारियों की प्रगति का फीडबैक लिया। साथ ही मंत्रालयों के स्तर पर अब तक किए गए कार्यों, लंबित योजनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं की समीक्षा की गई। मंत्रियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और तय समयसीमा में काम पूरा करने पर ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच को लेकर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सीधे और आसानी से पहुंचना चाहिए। इसके लिए मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को महत्वपूर्ण बताया गया।

सूत्रों के अनुसार बैठक में गरीबी उन्मूलन और वामपंथी उग्रवाद यानी नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दी गईं। सरकारी योजनाओं की स्थिति और सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं को लेकर भी जानकारी साझा की गई। नशे के खिलाफ अभियान पर चर्चा करते हुए युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और इस दिशा में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने पर जोर दिया गया।

गौरतलब है कि मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में चिंतन शिविर के रूप में आयोजित हुई थी। उसमें भी विकसित भारत 2047 की रूपरेखा, कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक पहुंचाने और मंत्रालयों की भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन हुआ था। इस बार की बैठक में पिछली बैठक के दौरान तय लक्ष्यों की प्रगति का आकलन करते हुए आगे की दिशा पर विचार किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी का फिलीपींस दौरा 16 और 17 नवंबर को हुआ था। इस दौरान उन्होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लिया। विदेश यात्रा से लौटने के तत्काल बाद मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाना सरकार की प्राथमिकताओं और प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।