पुष्कर की 90 प्रतिशत भूमि को वन क्षेत्र के रूप में संरक्षित करने का संकल्प
अजमेर। अजमेर और पुष्कर क्षेत्र की धार्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से अजयमेरु 84 कोस सेवा समिति ने 84 संकल्पों के साथ जनजागरण अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत स्वास्तिक की आकृति में पुष्कर परिधि को दर्शाने वाली चतुर्थ ज्योतिर्लिंग भगवा पताका तीर्थराज पुष्कर स्थित जगतपिता ब्रह्माजी के मंदिर में अर्पित की गई। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की धार्मिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रार्थना की गई।
समिति संयोजक तरुण वर्मा ने बताया कि अभियान के प्रमुख संकल्पों में पुष्कर क्षेत्र की करीब 90 प्रतिशत भूमि को अरण्य एवं वनस्पति वन भूमि के रूप में संरक्षित करना शामिल है। इसके साथ ही पुष्कर के चार ज्योतिर्लिंगों की परिधि को मांस, मदिरा और अश्लीलता से मुक्त धार्मिक क्षेत्र घोषित करने की मांग उठाई गई है।
समिति ने अजमेर उत्तर और पुष्कर विधानसभा क्षेत्रों को शामिल करते हुए पुष्कर को अलग जिला बनाने तथा अजमेर को उसकी ऐतिहासिक एवं पौराणिक पहचान के अनुरूप अजयमेरु महानगर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा है। वन संपदा और गौवंश की सुरक्षा, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए कानून बनाने तथा संस्कृत भाषा, हिंदी और देवनागरी अंक पद्धति को सरकारी स्तर पर प्रोत्साहन देने की मांग भी 84 संकल्पों में शामिल है।
पुष्कर सरोवर के विस्तार और 184 नए घाट बनाने का प्रस्ताव
समिति ने बढ़ती आबादी और पुष्कर में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सरोवर के विस्तार की आवश्यकता जताई है। इसके लिए पुष्कर सरोवर कॉरिडोर विकसित करने और 184 नए घाटों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें लीला सेवड़ी, पंचकुंड, माता शक्तिपीठ, सावित्री माता पहाड़ी, क्षीरसागर, वरुण सागर और आनासागर सहित विभिन्न स्थानों पर घाट विकसित करने की परिकल्पना शामिल है।
समिति का कहना है कि पुष्कर सरोवर, आसपास के पर्वतों, वन क्षेत्रों, प्राकृतिक जलस्रोतों और पर्यावरण को अतिक्रमण से मुक्त रखते हुए उनका संरक्षण किया जाना चाहिए, ताकि तीर्थस्थल की प्राकृतिक और धार्मिक पहचान बनी रहे।
84 धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भगवा पताका लगाने का अभियान
अजयमेरु क्षेत्र के 84 पौराणिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों, मठ-मंदिरों एवं दुर्गों को तीर्थराज पुष्कर की परिक्रमा परिधि से जोड़ते हुए वहां धार्मिक ध्वज स्थापित करने का अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत बैजनाथ देवनगर, काकड़ेश्वर, नंद सरस्वती, अजयपाल और पूरादचंदेश्वर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भगवा पताका लगाने की पहल की गई है।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता यशवंत पाराशर, मनोज शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, वासु पाराशर, विनीत जैन और इंदर सिंह पवार सहित अन्य लोगों ने विचार रखे। अभियान के तहत बद्री घाट सहित विभिन्न घाटों पर स्थित मंदिरों में ध्वज पताकाएं स्थापित की गईं। समिति ने धर्माचार्यों, सामाजिक संगठनों और प्रशासन से इस पहल को व्यापक जनअभियान बनाने में सहयोग करने की अपील की है।



