पुष्कर मेले में 20 नवंबर को लगेगा हार्टफुलनेस ध्यान शिविर, आठ गांवों में शुरू होगा ‘एकात्म अभियान’

0

स्टॉल नंबर 45 पर होगा आयोजन, आठ ग्राम पंचायतों को ‘ध्यान ग्राम’ बनाने की पहल; नवनिर्वाचित सरपंचों का किया जाएगा सम्मान
पुष्कर। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में इस बार आध्यात्मिक चेतना, मानसिक शांति और ग्रामीण सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने की पहल भी देखने को मिलेगी। हार्टफुलनेस श्री रामचंद्र मिशन की अजमेर शाखा की ओर से 20 नवंबर को दोपहर 3 बजे पुष्कर मेला विकास प्रदर्शनी परिसर स्थित हार्टफुलनेस स्टॉल नंबर 45 पर ध्यान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ‘एकात्म अभियान–ध्यान ग्राम’ का शुभारंभ भी होगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में पुष्कर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बाकोलिया, पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. नवीन परिहार तथा हार्टफुलनेस अजमेर के जिला समन्वयक गिरिश गुप्ता की उपस्थिति रहेगी। हार्टफुलनेस ध्यान प्रशिक्षक एवं प्रांत समन्वयक मुकेश कुमार कलाल और हनुत सिंह रावत भी ध्यान की प्रक्रिया और इसके महत्व से लोगों को परिचित कराएंगे।

आठ गांवों को ध्यान ग्राम बनाने की पायलट परियोजना

इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण ‘एकात्म अभियान–ध्यान ग्राम’ रहेगा। इसके तहत पुष्कर तहसील के आठ गांवों में पायलट परियोजना शुरू करने की पहल की जाएगी। अभियान के माध्यम से गांवों में ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और ग्रामीणों के बीच शांति, सकारात्मकता, प्रेम तथा आपसी सद्भाव का वातावरण तैयार करने का प्रयास होगा।

कार्यक्रम में संबंधित आठ ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित सरपंचों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें अपने-अपने गांव को ‘ध्यान ग्राम’ के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी से कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा होगी।

आयोजकों का कहना है कि एकात्म का आध्यात्मिक भाव सभी प्राणियों में एक ही चेतना और आत्मिक एकता का अनुभव करना है। ध्यान के अभ्यास से व्यक्ति के भीतर शांति और सकारात्मकता विकसित होने के साथ सामाजिक जीवन में प्रेम, सहयोग और सामूहिक चेतना को भी मजबूती मिल सकती है।

पांच मिनट में ध्यान और विश्राम का अनुभव

ध्यान शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पांच मिनट का निःशुल्क निर्देशित विश्राम एवं ध्यान अनुभव कराया जाएगा। इसके अलावा हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति का परिचय देते हुए आंतरिक शांति और ध्यान के व्यावहारिक महत्व की जानकारी दी जाएगी। आगंतुकों को ‘एकात्म अभियान–ध्यान ग्राम’ की अवधारणा और गांवों में इसकी सहभागिता प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा।

आयोजकों ने पुष्कर तहसील की आठों ग्राम पंचायतों के सरपंचों, आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इच्छुक ग्रामीण हार्टफुलनेस स्टॉल पर पहुंचकर अपने गांव को ध्यान ग्राम बनाने की कार्ययोजना के बारे में जानकारी ले सकेंगे।

‘हर गांव ध्यान, हर दिल ध्यान’ अभियान का संदेश

‘हर गांव ध्यान, हर दिल ध्यान’ के संदेश के साथ शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य ध्यान को केवल व्यक्तिगत साधना तक सीमित न रखते हुए उसे ग्रामीण जीवन और सामुदायिक विकास से जोड़ना है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में प्रवेश और सहभागिता पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। पुष्कर मेले में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को भी ध्यान शिविर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।