लोकमंथन-2026 से देशभर में गूंजेगा ‘हम भारत के लोग’ का संदेश, मुख्यमंत्री भजनलाल ने किया भूमि पूजन

0

4 से 6 दिसंबर तक जयपुर में होगा राष्ट्रीय आयोजन, भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और ज्ञान विरासत पर जुटेंगे देशभर के विचारक
जयपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, लोकजीवन और भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जवाहर कला केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में लोकमंथन-2026 के आयोजन स्थल का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकमंथन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, परंपराओं और राष्ट्रीय एकात्मता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों से ‘हम भारत के लोग’ की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री लोकमंथन-2026 की स्वागत समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को संरक्षित करना पहले से अधिक जरूरी हो गया है। लोकमंथन के माध्यम से देशभर के विचारकों, विद्वानों और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को संवाद और विमर्श का साझा मंच मिलेगा। इससे नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

लोक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में परंपरा और अनुशासन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारे यहां प्रत्येक धार्मिक और मांगलिक आयोजन के पीछे कोई न कोई सामाजिक संदेश छिपा होता है। विवाह समारोह में देहरी पूजन जैसी परंपराएं परिवार और समाज के संबंधों को मजबूत करती हैं। मंदिरों में अलग-अलग समय पर होने वाली पूजा और विवाह के विभिन्न अवसरों पर गाए जाने वाले मांगलिक गीत हमारी समृद्ध सांस्कृतिक जीवनशैली के परिचायक हैं।

उन्होंने चिंता जताई कि आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच कई लोक परंपराएं और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां धीरे-धीरे विस्मृत हो रही हैं। इन्हें समझने, संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

विरासत संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता बताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकालने और भारतीय गौरव को प्रतिष्ठित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। कर्तव्य पथ, नए संसद भवन और सेवा तीर्थ जैसे कदम इसी सोच को दर्शाते हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने राजस्थान दिवस को 30 मार्च के बजाय चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर मनाने की परंपरा शुरू की है। इसी क्रम में माउंट आबू का नाम बदलकर आबूराज किया गया है। सरकार ने वेद विद्यालयों के शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने के साथ गौ संरक्षण के लिए गौशालाओं को करीब चार हजार करोड़ रुपए का अनुदान भी दिया है।

मुख्यमंत्री ने शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की 660 से अधिक हवेलियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रयास कर रही है। इसमें प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसी उद्देश्य से प्रवासी दिवस के अवसर पर 8 दिसंबर को शेखावाटी में हेरिटेज मीट आयोजित करने की योजना है।

राजस्थान की लोककलाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

शर्मा ने कहा कि राजस्थान केवल वीरता और बलिदान की धरती ही नहीं, बल्कि कला, साहित्य, संगीत, अध्यात्म और लोकजीवन की समृद्ध परंपराओं का केंद्र भी है। मांड गायकी, घूमर, कालबेलिया नृत्य, कठपुतली कला, फड़ चित्रकला और स्थापत्य कला ने प्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाई है। जयपुर में लोकमंथन का आयोजन इन सांस्कृतिक विशेषताओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर बनेगा। उन्होंने स्वागत समिति के सदस्यों से आयोजन को व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने और ‘हम भारत के लोग’ के विचार को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

लोक और शास्त्र भारतीय ज्ञान परंपरा के अभिन्न अंग : जे. नंदकुमार

प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एवं लोकमंथन के महासचिव जे. नंदकुमार ने कहा कि भारतीय दृष्टिकोण में लोक और शास्त्र एक-दूसरे से अलग नहीं हैं, बल्कि दोनों एक ही ज्ञान परंपरा के अभिन्न पक्ष हैं। लोककला, लोक संस्कृति, जीवनशैली, पर्यावरण संबंधी पारंपरिक समझ और लोक विज्ञान ने आधुनिक ज्ञान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि लोक को पिछड़ेपन या अपरिष्कृत सोच से जोड़कर देखना उचित नहीं है। भारतीय संदर्भ में लोक की अवधारणा अत्यंत व्यापक है। लोकमंथन का उद्देश्य राष्ट्र की एकता और एकात्मता को मजबूत करने के साथ राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को सामने लाना है।

उन्होंने बताया कि लोकमंथन से पहले देश के विभिन्न हिस्सों में चार आयोजन और कई पूर्व-लोकमंथन कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। राजस्थान के अलग-अलग अंचलों में भी व्यापक जनसंपर्क यात्रा के तहत ‘ग्राम दर्शन’ जैसे कार्यक्रम हुए हैं। आयोजन के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीकरण कराया है, जो नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

4 से 6 दिसंबर तक जवाहर कला केन्द्र में होगा आयोजन

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में पूर्णाहुति अर्पित कर आयोजन की विधिवत शुरुआत की। ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन-2026 का आयोजन 4 से 6 दिसंबर तक जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में होगा।

इस अवसर पर आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार सहित संत-महंत, विद्वान और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।