काबुल। अफगानिस्तान के पश्चिमी फराह प्रांत में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में मदरसे के चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब कुछ छात्र एक पुराने और बिना फटे मोर्टार के गोले को मदरसे के अंदर ले आए। वहां बच्चों के हाथ लगने से उसमें विस्फोट हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना फराह प्रांत के बकवा जिले के शागी इलाके में स्थित फहीम आगा मदरसे में दोपहर करीब 12 बजे हुई। प्रांतीय पुलिस कमान के प्रवक्ता कलीमुल्लाह नांगियाल ने बताया कि मदरसे के कुछ छात्र दोपहर के भोजन के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान उन्हें जमीन पर पड़ा पुराना मोर्टार का गोला मिला। छात्र उसे उठाकर मदरसे में ले आए।
प्रवक्ता के मुताबिक, मदरसे के अंदर छोटे छात्रों ने उस गोले को हाथ लगाया और दबाया, जिसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक छात्रों की उम्र 10 से 16 वर्ष के बीच बताई गई है। घायलों को उपचार के लिए केंद्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
अफगानिस्तान में बच्चों के लिए बना हुआ है बारूदी खतरा
अफगानिस्तान में दशकों तक चले युद्ध के कारण बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें, मोर्टार गोले और अन्य विस्फोटक सामग्री जमीन में दबी हुई है। युद्ध समाप्त होने के वर्षों बाद भी ये बिना फटे हथियार आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक, 1989 में सोवियत सैनिकों की वापसी के बाद से अफगानिस्तान में युद्ध के अवशेषों और बारूदी सुरंगों के कारण 45 हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं या घायल हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय की अक्टूबर में जारी रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच अफगानिस्तान में विस्फोटक सामग्री से जुड़ी घटनाओं में 324 नागरिक हताहत हुए। इनमें करीब 80 प्रतिशत मृतक या घायल बच्चे थे।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि लगभग 26 लाख लोग ऐसे क्षेत्रों के एक किलोमीटर के दायरे में रहते हैं, जहां विस्फोटक अवशेषों का खतरा बना हुआ है। इन जोखिम वाले क्षेत्रों के आसपास 898 शैक्षणिक संस्थान और 209 स्वास्थ्य केंद्र भी स्थित हैं।



