जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की मतगणना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी सामने आने से 11 जिलों के 28 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इन केंद्रों पर रविवार, 22 नवंबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा।
मतगणना के दौरान कुछ ईवीएम में तकनीकी समस्या के कारण परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सके। इसके चलते संबंधित मतदान केंद्रों के परिणाम घोषित नहीं किए जा सके। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोग ने प्रभावित केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला किया है।
11 जिलों में यहां होगा पुनर्मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार पुनर्मतदान वाले जिलों में जयपुर, बूंदी, कोटपूतली-बहरोड़, धौलपुर, जोधपुर, सवाई माधोपुर, जैसलमेर, फलोदी, डीग, खैरथल-तिजारा और अलवर शामिल हैं। कुल 28 बूथों में जिला परिषद के छह तथा पंचायत समिति के 22 मतदान केंद्र हैं।
जयपुर जिले में सबसे अधिक पांच मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान होगा। इनमें जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 के बूथ संख्या 60 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 52 के बूथ संख्या 81 शामिल हैं। पंचायत समिति स्तर पर दूदू के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 6 के बूथ 62, शाहपुरा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 6 के बूथ 34 तथा चौमूं के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 25 के बूथ 142 पर फिर से मतदान कराया जाएगा।
बूंदी जिले की केशोरायपाटन पंचायत समिति में एक बूथ पर पुनर्मतदान होगा। वहीं कोटपूतली-बहरोड़ जिले में जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 19 के बूथ 44 के अलावा पंचायत समिति नारायणपुर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 7 के बूथ 34 तथा पावटा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 11 के बूथ 39 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 6 के बूथ 30 पर दोबारा वोट डाले जाएंगे।
सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान
आयोग के निर्देशानुसार सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला परिषद सदस्यों के मतों की गणना जिला मुख्यालय पर तथा पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर की जाएगी।
मतों का अंतर भी बना पुनर्मतदान का आधार
निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट और परिस्थितियों की जांच के बाद प्रभावित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का निर्णय लिया है। तकनीकी खराबी के कारण ईवीएम में जितने मत प्रदर्शित नहीं हो सके, उनकी संख्या निकटतम प्रत्याशी के बीच मतों के अंतर से अधिक थी। ऐसे में उपलब्ध मतों के आधार पर परिणाम घोषित करना उचित नहीं माना गया।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मामले में आयोग ने राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के तहत संबंधित मतदान को शून्य घोषित कर पुनर्मतदान के आदेश दिए हैं। पुनर्मतदान के बाद इन 28 मतदान केंद्रों से जुड़े जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के परिणाम भी सामने आ सकेंगे। इससे पंचायतीराज चुनाव की अधूरी चुनावी तस्वीर पूरी होगी।



