किशनगढ़। राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ स्थित मार्बल औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के भीतर श्रमिक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। गांधीनगर थाना क्षेत्र के हरमाड़ा रोड स्थित सेंचुरी संगमरमर मार्बल फैक्ट्री में श्रमिक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामधार (36) निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि श्रमिक ने फैक्ट्री परिसर में बिजली के तार का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
घटना का पता चलने पर फैक्ट्री प्रबंधन और अन्य श्रमिकों ने पुलिस को सूचना दी। गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल, किशनगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और परिजनों के पहुंचने के बाद शव सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल श्रमिक द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य श्रमिकों और संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि श्रमिक किन परिस्थितियों से गुजर रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



