भीलवाड़ा। जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक फैक्ट्री में काले पानी के टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टैंक के भीतर मौजूद गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतक दोनों सगे भाई थे और दौसा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान दौसा जिले के रामपुरा निवासी रौशन और राजू के रूप में हुई है। फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर काले पानी के टैंक की सफाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान एक मजदूर सफाई के लिए टैंक के अंदर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। इसके बाद उसे लेकर चिंता बढ़ी और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि टैंक के भीतर मौजूद गैस के कारण दोनों मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में टैंक और बंद स्थानों की सफाई के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



