मद्रास हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का रास्ता साफ, तीन पर रोक बरकरार

0

चेन्नई। तमिलनाडु में विधानसभा उपचुनाव को लेकर चल रही कानूनी अड़चन के बीच मद्रास हाईकोर्ट ने शुक्रवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। अदालत ने पांच विधानसभा सीटों में से दो सीटों अंबासमुद्रम और पेरुंदुरई पर उपचुनाव कराने की अनुमति दे दी है। वहीं, तिरुचि पूर्व, विरालिमलाई और करूर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराने पर लगी रोक बरकरार रखी है। इन तीनों सीटों पर चुनावी प्रक्रिया लंबित चुनाव याचिकाओं के निपटारे के बाद ही आगे बढ़ सकेगी।

मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी अरुल मुरुगन की खंडपीठ ने यह फैसला अधिवक्ता के वेंकटचलापति की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद सुनाया। याचिका में मांग की गई थी कि पांचों विधानसभा क्षेत्रों में लंबित चुनाव याचिकाओं का निस्तारण होने तक उपचुनाव की अधिसूचना जारी नहीं की जाए।

तीन सीटों पर चुनाव याचिकाएं बनीं बाधा

अदालत ने स्पष्ट किया कि तिरुचि पूर्व, विरालिमलाई और करूर सीटों पर उपचुनाव तब तक नहीं कराए जा सकते, जब तक जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 84 के तहत दायर उन चुनाव याचिकाओं पर फैसला नहीं हो जाता, जिनमें याचिकाकर्ताओं ने स्वयं को निर्वाचित घोषित करने की मांग की है।

अदालत के सामने यह तर्क रखा गया कि यदि चुनाव याचिकाओं का फैसला आने से पहले उपचुनाव करा दिए जाते हैं और बाद में याचिकाकर्ता को विजयी घोषित कर दिया जाता है, तो एक ही विधानसभा क्षेत्र से दो व्यक्तियों के प्रतिनिधित्व का विवाद पैदा हो सकता है।

कैसे खाली हुईं पांच विधानसभा सीटें?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बाद पांच सीटें अलग-अलग कारणों से रिक्त हुई थीं। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने तिरुचि पूर्व और पेरम्बूर दोनों सीटों से चुनाव जीता था, लेकिन बाद में पेरम्बूर सीट अपने पास रखते हुए तिरुचि पूर्व से इस्तीफा दे दिया।

वहीं, अंबासमुद्रम से ई. सुब्बैया, पेरुंदुरई से एस. जयकुमार, विरालिमलाई से सी. विजयभास्कर और करूर से एमआर विजयभास्कर ने विधायक पद से इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) का दामन थाम लिया था।

इन पांचों सीटों पर उपचुनाव कराने को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो गया था। इसी के चलते हाईकोर्ट ने 10 जुलाई को चुनाव आयोग को इन सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी करने से रोक दिया था।

मुख्यमंत्री विजय ने भी उठाया था उपचुनाव का मुद्दा

मुख्यमंत्री विजय ने अदालत में उपचुनाव पर लगी रोक हटाने की मांग की थी। उनका तर्क था कि लंबे समय तक सीटें खाली रहने से लाखों मतदाता विधानसभा में अपने निर्वाचित प्रतिनिधि से वंचित रहेंगे। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने लंबित चुनाव याचिकाओं का हवाला देते हुए कानूनी स्थिति स्पष्ट होने तक उपचुनाव नहीं कराने का पक्ष रखा था। शुक्रवार के फैसले के बाद अब चुनाव आयोग अंबासमुद्रम और पेरुंदुरई सीटों पर उपचुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेगा। शेष तीन सीटों पर चुनाव याचिकाओं के फैसले का इंतजार करना होगा।