अजमेर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत अजमेर जिले की दस पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव संपन्न हुए। परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह पंचायत समितियों में प्रधान पद हासिल किया, जबकि कांग्रेस चार समितियों में अपना प्रधान बनाने में सफल रही। बड़ल्या पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह रावत निर्विरोध निर्वाचित हुए।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी और चुनाव परिणामों के अनुसार भाजपा की ओर से बड़ल्या में श्रवण सिंह रावत, अजमेर ग्रामीण में बीना मेघवंशी, केकड़ी में प्रकाश कंवर राठौड़, किशनगढ़-सिलोरा में बदाम देवी, सरवाड़ में नर्मदा देवी जाट तथा श्रीनगर में महावीर प्रसाद मेघवंशी प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं कांग्रेस ने अरांई में गुलाब देवी, भिनाय में रिंका देवी गुर्जर, पीसांगन में गिरधारी लाल गुर्जर और सावर में दुर्गा देवी गुर्जर को प्रधान बनाने में सफलता हासिल की।
अजमेर ग्रामीण में बहुमत के बावजूद कांग्रेस हारी
प्रधान चुनाव का सबसे चौंकाने वाला परिणाम अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में सामने आया। यहां पंचायत समिति सदस्य चुनाव में कांग्रेस ने 19 में से 11 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा के पास आठ सदस्य थे। इसके बावजूद प्रधान पद के चुनाव में भाजपा की बीना मेघवंशी ने कांग्रेस प्रत्याशी संतोष को 10-9 मतों से हराकर जीत दर्ज की। इस परिणाम ने जिले की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा शुरू कर दी है।
सिलोरा और केकड़ी में कांटे का मुकाबला
किशनगढ़-सिलोरा पंचायत समिति में भाजपा की बदाम देवी ने आरएलपी समर्थित प्रत्याशी गमराज देवी को 14-13 मतों से पराजित किया। वहीं केकड़ी में भाजपा की प्रकाश कंवर राठौड़ ने कांग्रेस की शांतिदेवी कुमावत को 8-7 मतों से हराकर महज एक वोट के अंतर से जीत हासिल की।
श्रीनगर पंचायत समिति में भाजपा के महावीर प्रसाद मेघवंशी ने कांग्रेस की संतोष देवी को 10-8 मतों से हराया। सरवाड़ में भाजपा की नर्मदा देवी जाट ने 9-6 मतों से जीत दर्ज की।
कांग्रेस ने पीसांगन और सावर में दिखाया दम
पीसांगन पंचायत समिति में कांग्रेस के गिरधारी लाल गुर्जर ने भाजपा की मंजू देवी को 12-5 मतों से हराकर प्रधान पद हासिल किया। सावर में कांग्रेस की दुर्गा देवी गुर्जर ने भाजपा समर्थित रामप्यारी गुर्जर को 13-2 मतों से पराजित किया। अरांई और भिनाय में भी कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर पार्टी को चार पंचायत समितियों में नेतृत्व दिलाया।
जिले की पंचायत समितियों में दलवार स्थिति
प्रधान चुनाव के परिणामों के बाद अजमेर जिले की दस पंचायत समितियों में छह पर भाजपा और चार पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। इससे पहले जिला परिषद में भी भाजपा जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर जीत दर्ज कर चुकी है। ऐसे में पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव में मिली सफलता ने जिले में भाजपा की ग्रामीण राजनीतिक स्थिति को और मजबूत किया है। अब पंचायत समितियों में उप प्रधान पद के चुनाव पर राजनीतिक दलों की नजरें रहेंगी।



