अजमेर। राजस्थान के अजमेर स्थित विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में 815वें सालाना उर्स की तैयारियों के बीच बड़ी और छोटी देग का 15 दिन का ठेका 3 करोड़ 85 लाख 50 हजार रुपए में दिया गया है। गुरुवार देर रात तक चली बोली प्रक्रिया में यह राशि हाजी अजीम मोहम्मद चिश्ती के नाम पर तय हुई। इसे दरगाह की ऐतिहासिक देगों के ठेके की अब तक की सबसे बड़ी बोली बताया जा रहा है।
खादिमों की संस्था अंजुमन मोईनिया फखरिया चिश्तिया खुद्दामे ख्वाजा साहब सैयद जादगान और अंजुमन यादगार शेखजादगान के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बोली की प्रक्रिया शुरू हुई। बोली की शुरुआत 3 करोड़ 15 लाख रुपए से हुई और प्रतिस्पर्धा के बाद यह 3 करोड़ 85 लाख 50 हजार रुपए तक पहुंच गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले वर्ष दोनों देगों का ठेका 3 करोड़ 40 लाख रुपए में हुआ था। इस लिहाज से इस बार बोली में 45 लाख 50 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
6 दिसंबर से शुरू होगी उर्स की रस्म
ख्वाजा साहब के 815वें उर्स के कार्यक्रम के अनुसार 6 दिसंबर को बुलंद दरवाजे पर झंडे की रस्म के साथ उर्स की औपचारिक शुरुआत होगी। इसके बाद 11 दिसंबर से उर्स की मुख्य रस्में प्रारंभ होंगी।
अकबर और जहांगीर ने भेंट की थीं देगें
दरगाह परिसर में स्थित दोनों विशाल देगों का ऐतिहासिक महत्व भी है। बड़ी देग मुगल बादशाह अकबर ने वर्ष 1559 में और छोटी देग बादशाह जहांगीर ने वर्ष 1615 में भेंट की थी। इन देगों में तैयार होने वाला मीठा प्रसाद जायरीन और जरूरतमंदों में वितरित किया जाता है। उर्स के दौरान देश-विदेश से आने वाले अकीदतमंद अपनी श्रद्धा के अनुसार देगों में नजराना भी पेश करते हैं।
15 दिनों के लिए दिए जाने वाले इस ठेके को लेकर हर साल खादिमों और जायरीन के बीच खास उत्सुकता रहती है। इस बार 3.85 करोड़ रुपए से अधिक की बोली ने आगामी उर्स की तैयारियों के बीच दरगाह की देगों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।



