अजमेर। शहर की पुरानी आनासागर चौपाटी रविवार को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश से गुलजार रही। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (MY Bharat), अजमेर की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की 100वीं कड़ी पर विशेष साइकिल रैली आयोजित की गई। इसमें युवाओं, साइक्लिंग क्लब के सदस्यों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने उत्साह के साथ भाग लेकर नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
रैली को यूथ आइकॉन, उद्यमी और Darji Online के संस्थापक सेठा सिंह रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं से खेलकूद और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और अनुशासित जीवनशैली युवाओं को व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्र निर्माण में भी योगदान देने के लिए सक्षम बनाती है।
ओलंपिक की तैयारी और नशामुक्त युवा अभियान से भी जुड़ा आयोजन
जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने बताया कि इस बार की 100वीं रैली का आयोजन #IndiaReady4Olympics के संदेश के साथ किया गया। इसका उद्देश्य देश में खेल संस्कृति को मजबूत करना और युवाओं को ओलंपिक के प्रति जागरूक करना है। साथ ही यह आयोजन ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान से भी जुड़ा रहा। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2024 में शुरू हुई ‘संडेज ऑन साइकिल’ पहल अब देशव्यापी फिटनेस अभियान का रूप ले चुकी है। MY Bharat के अनुसार इसकी 100वीं कड़ी तक यह अभियान 35 हजार से अधिक स्थानों पर आयोजित हो चुका है और इसमें 40 लाख से अधिक लोग भागीदारी कर चुके हैं।
युवा मंडलों और CRPF जवानों की सहभागिता
रैली में वीर शिवाजी युवा मंडल के मृगेश वशिष्ठ और सारा शर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने भाग लिया। वहीं टीने रन क्लब के राजवीर सिंह और हुसैन अख्तर के नेतृत्व में क्लब सदस्यों ने भी साइकिलिंग की। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने भी रैली में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर माय भारत अजमेर के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक मुरारी लाल तथा अजमेर साइक्लिंग क्लब की पुष्पा क्षेत्रपाल और जगदीश नारायण विजयवर्गीय भी मौजूद रहे।
रैली पुरानी आनासागर चौपाटी से रवाना होकर वैशाली नगर पेट्रोल पंप तक पहुंची और वहां से वापस चौपाटी पर आकर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर न केवल शारीरिक फिटनेस, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त परिवहन का भी संदेश दिया।



