उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में उदयपुर-सलूंबर मार्ग पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जयसमंद सड़क मार्ग पर पालोदड़ा पुलिस चौकी के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। एक कार उदयपुर से सलूंबर की ओर जा रही थी, तभी पालोदड़ा पुलिस चौकी के नजदीक सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में नवा तलाई निवासी नरेश कुमार मीणा और मशारों की ओवरी निवासी आशीष कुमार की मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर से संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है। दुर्घटना में घायल हुए 11 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



