जयपुर। राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के तहत बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में देवस्थान विभाग की 25वीं विशेष ट्रेन सोमवार को सवाई माधोपुर से रवाना होकर जयपुर के दुर्गापुरा स्टेशन होते हुए द्वारका और सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेगी। इस यात्रा में आठ जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल एक हजार यात्री शामिल होंगे। इनमें यात्रा व्यवस्था से जुड़ा स्टाफ और सहयोगी भी शामिल हैं।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन से भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली और डीग के कुल 504 यात्री ट्रेन में सवार होंगे। वहीं, दुर्गापुरा स्टेशन से जयपुर, दौसा, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ क्षेत्र के 466 यात्री यात्रा शुरू करेंगे। इस तरह दोनों स्टेशनों से कुल 970 वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा का हिस्सा बनेंगे।
अब तक 23 हजार से अधिक बुजुर्ग कर चुके हैं रेल यात्रा
मंत्री के अनुसार योजना के तहत अब तक 24 विशेष ट्रेनों के माध्यम से 23,408 वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा कराई जा चुकी है। इसके अलावा हवाई मार्ग से 1,674 वरिष्ठ नागरिकों को नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन कराए गए हैं। दिसंबर में पशुपतिनाथ की हवाई तीर्थयात्रा दोबारा शुरू करने की भी योजना है।
दिसंबर में भी चलेंगी पांच विशेष ट्रेनें
देवस्थान विभाग ने दिसंबर में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का कार्यक्रम तैयार किया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 2 दिसंबर को बीकानेर से कामाख्या, 7 दिसंबर को जयपुर के खातीपुरा से तिरुपति, 13 दिसंबर को जोधपुर के भगत की कोठी से उज्जैन, 15 दिसंबर को अजमेर से रामेश्वरम और 21 दिसंबर को जयपुर से जगन्नाथपुरी के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी।
सरकार का लक्ष्य 21 दिसंबर तक रेल और हवाई मार्ग के माध्यम से करीब पांच हजार अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थदर्शन कराने का है। इस योजना के जरिए ऐसे बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से स्वयं तीर्थयात्रा करने में असमर्थ हैं।



