‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ भारत को विश्व में शीर्ष पर देखना चाहता है युवा : मोहन भागवत

0

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी भारत को दुनिया का अग्रणी और सर्वश्रेष्ठ देश बनाने की आकांक्षा रखती है। युवाओं की सोच में ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव प्रमुख है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में भारत की आत्मा भीतर से जाग रही है और समाज की सामूहिक शक्ति को राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगाने का समय है।

भागवत रविवार को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल पर आरएसएस के दिल्ली प्रांत की ओर से आयोजित ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संघ के शताब्दी वर्ष के समापन से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।

हर भारतीय एक ही परिवार का हिस्सा

संघ प्रमुख ने कहा कि देश के नागरिकों के बीच भाषा, जाति, प्रांत, विचार और अन्य विषयों को लेकर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इन मतभेदों के बावजूद सभी भारतीय एक ही परिवार यानी ‘कुटुंब’ का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और सामूहिक पहचान को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

भागवत के अनुसार, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। समाज की सज्जन शक्ति और उच्च आदर्शों वाले लोगों के मार्गदर्शन में राष्ट्रहित के कार्यों को गति मिलनी चाहिए।

दुनिया में भारत के प्रति बढ़ा भरोसा

भागवत ने अपने हालिया विदेश दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे तीन देशों की यात्रा पर गए थे। इन यात्राओं के दौरान उन्होंने महसूस किया कि भारत को लेकर दुनिया के विभिन्न वर्गों में उत्सुकता, गर्व और उम्मीद का भाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नकारात्मक प्रचार के बावजूद आम लोगों, आर्थिक गतिविधियों से जुड़े लोगों, युवाओं और अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के नेताओं में भारत के प्रति सकारात्मक अपेक्षाएं दिखाई देती हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी के समय पश्चिमी देशों के कई विशेषज्ञों को आशंका थी कि भारत अपना लोकतंत्र कायम नहीं रख पाएगा और अर्थव्यवस्था को भी संभालना मुश्किल होगा। लेकिन भारत ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने के साथ आर्थिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विस्तार किया है।

शताब्दी वर्ष को बताया और अधिक काम करने की प्रेरणा

आरएसएस के सौ वर्ष पूरे होने के संदर्भ में भागवत ने कहा कि यह केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के लिए और अधिक काम करने की प्रेरणा है। उन्होंने स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के दुख और जरूरतों को देखकर ही सेवा की भावना पैदा होती है।

उन्होंने आह्वान किया कि देश को वैश्विक मंच पर उसका उचित स्थान दिलाने और भारत को फिर से विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने का संकल्प प्रत्येक नागरिक के मन में होना चाहिए। इसके लिए समाज की सामूहिक शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में समर्पित करना होगा।