श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीबिजयनगर थाना क्षेत्र में एक नशेड़ी पोते ने अपने बुजुर्ग दादा की गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मनफूलराम धाणक (72) के सोमवार को अपने घर में मृत होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर मौके पर जाकर जांच पड़ताल की गई। मौके की कार्रवाई के बाद शव सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया गया।
इस बीच, मृतक के पुत्र मदनलाल (40) ने अपने भतीजे दीपक (27) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया। मदनलाल ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या दीपक ने की है। दीपक नशा करने का आदी है। नशे की हालत में उसने दादा की हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।
मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक जयवीरसिंह ने बताया कि शक के आधार पर दीपक से पूछताछ की जा रही है। मकान में दीपक अपने बुजुर्ग दादा के साथ रहता था। मृतक मनफूल के गले पर दबाव के निशान थे। लिहाजा आशंका है कि गला घोंटकर हत्या की गई है।



