अजमेर में विद्यार्थियों के लिए सस्ता कॉपी-रजिस्टर शिविर 28-29 मार्च को

0

भारत विकास परिषद का शैक्षणिक सेवा अभियान
अजमेर। भारत विकास परिषद् अजमेर मुख्य शाखा की ओर से विद्यार्थियों के लिए कॉपी एवं रजिस्टर लागत मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए दो दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

शैक्षणिक सेवा अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री सुलभ दरों पर प्राप्त हो सकेगी तथा अभिभावकों को भी आर्थिक रूप से राहत मिलेगी।

शाखा अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गोयल ने बताया कि पहला शिविर 28 मार्च को बजरंगगढ़ चौराहे के पास नगीनाबाग स्थित अमर निदान केंद्र पर लगाया जाएगा। दूसरा शिविर 29 मार्च को वैशाली नगर स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार के पास आयोजित किया जाएगा।

दोनों शिविरों का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। इस सेवा कार्य के अंतर्गत 148 पृष्ठ के रजिस्टर ₹30 व 120 पृष्ठ की कॉपियां ₹16 की लागत मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इन कॉपियों एवं रजिस्टरों के आवरण पर सरदार वल्लभभाई पटेल, शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद एवं महर्षि दयानंद सरस्वती जैसे महान विभूतियों के प्रेरणादायी चित्र अंकित हैं।

शाखा के सेवा गतिविधि संयोजक अशोक पंसारी ने बताया कि सभी सामग्री उत्तम गुणवत्ता के कागज से निर्मित है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर उपयोगिता प्राप्त होगी। परिषद् का उद्देश्य सेवा, संस्कार एवं समर्पण की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहयोग पहुंचाना है।