हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र में किसानों को नकली या अवैध री-पैक उर्वरक बेचने वाले एक संदिग्ध कारखाने पर कृषि विभाग ने कार्रवाई की है।
खुफिया सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी में फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में खाद, उर्वरक और पैकिंग सामग्री जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में लाइसेंस की कमी और अवैध निर्माण या री-पैकिंग की आशंका सामने आई है।
हनुमानगढ़ में कृषि विभाग के सहायक निदेशक राधेश्याम पारीक ने शुक्रवार को बताया कि भादरा क्षेत्र में नकली खाद और उर्वरक बनाए जाने की खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर दल मौके पर पहुंचा तो फैक्ट्री पर ताला लगा मिला।
संचालक को बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन काफी इंतजार के बावजूद कोई नहीं आया। इसके बाद भादरा के उपखंड अधिकारी (एसडीएम) की उपस्थिति में ताला तोड़कर दल अंदर घुसा मौके से परिसर से भारी मात्रा में खाद, उर्वरक और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि पूरे परिसर का गहन निरीक्षण करके सामग्री का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि फैक्ट्री में खाद निर्माण या पैकिंग के लिए जरूरी लाइसेंस मौजूद नहीं था।
अधिकारियों ने संचालक से संबंधित दस्तावेज और लाइसेंस मांगे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बरामद सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट और दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



