मुंबई। टाटा समूह ने अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए नगद सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने ‘एक्स’ पर एक बयान में एयर इंडिया की अहमदाबाद लंदन की उड़ान संख्या 171 की त्रासद दुर्घटना पर समूह की ओर से गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टाटा समूह इस त्रासदी में प्राण गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए देगा। हम घायल व्यक्तियों के इलाज का पूरा खर्च उठाएंगे और यह सुनिश्चित किया जायेगा कि उन्हें पूरी मदद मिले और उनका ध्यान रखा जाए।
चंद्रशेखरन ने इसके अलावा अहमदाबाद के बीजे मेडिकल्स के छात्रावास भवन के पुर्निर्माण में मदद की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह इस अकल्पनीय दुख के समय में प्रभावित परिवारों और समूदायों के साथ खड़ा है।
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया का संचालन टाटा समूह के हाथ में है। अहमदाबाद विमान हादसे के शिकार ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान में 230 यात्री और चालक दल के दो पायलट सहित 12 सदस्य सवार थे।
यात्रियों के परिजनों के लिए उड़ान की व्यवस्था
एयर इंडिया ने दुर्घटनाग्र्सत विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों को अहमदाबाद ले जाने और वापस लाने के लिए दिल्ली और मुंबई से उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। एयरलाइंस ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उड़ानों का विवरण इस प्रकार है…
आईएक्स 1555 – दिल्ली-अहमदाबाद, प्रस्थान का समय : 12 जून रात 11 बजे
आईएक्स 1556 – अहमदाबाद-दिल्ली, प्रस्थान का समय : 13 जून रात एक बजकर 10 मिनट
एआई1402 – मुंबई-अहमदाबाद, प्रस्थान का समय : 12 जून रात 11 बजे
एआई1409 – अहमदाबाद-मुंबई, प्रस्थान का समय : 13 जून रात एक बजकर 15 मिनट
हॉटलाइन नंबर जारी
एयरलाइंस ने कहा है कि दिल्ली और मुंबई में यात्रियों और कर्मचारियों के जो निकटतम रिश्तेदार इन उड़ानों से जाना चाहते हैं, वे हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 पर कॉल कर जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जो निकटतम रिश्तेदार विदेशी गंतव्यों से आ रहे हैं और अहमदाबाद जाना चाहते हैं वे हॉटलाइन +91 8062779200 पर कॉल कर सकते हैं।
विमान दुर्घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी : नायडू
नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने कहा है कि अहमदबाद में गुुरुवार को हुए विमान हादसे की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाएगी। नायडू ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह हादसे के बाद से गहरे सदमे में हैं। इस समय वह यात्रियों और उनके परिवारों के बारे में सोच रहे हैं। अभी वह हताहतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। कई एजेंसियां बचाव और राहत कार्य में लगी हुयी हैं।
उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करायी जायेगी और यह पता लगाया जाएगा कि यह दुर्घटना किस वजह से हुई। नायडू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें फोन कर दुर्घटना स्थल पर रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटनाग्रस्त विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे।
एयर इंडिया का विमान उड़ान भरते ही मेडिकल काॅलेज हाॅस्टल पर गिरा, सैकड़ों के हताहत होने की आशंका
भारत की एयरलाइनों के कुछ बड़े विमान हादसे जिनमें टूटी सैकड़ों सांसे