किशनगढ़ में रीडकोर मेगा हाईवे का अजमेर कलक्टर लोक बन्धु ने किया निरीक्षण

0

अजमेर। किशनगढ़ स्थित रीडकोर मेगा हाईवे पर जलभराव और पानी की निकासी से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बुधवार को अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के लेवल, नालों के बहाव और हाईवे से जुड़ने वाले रैम्पों की स्थिति की जांच कर आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने रीडकोर और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से सड़क के स्तर तथा जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत जांच कराने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग को भी दोनों विभागों के साथ समन्वय बनाकर अवरुद्ध नालों का प्राकृतिक बहाव बहाल कराने और पानी की निकासी सुचारू करने के निर्देश दिए।

हाईवे पर पानी जमा होने के कारणों की होगी जांच

कलक्टर ने हाईवे से सीधे जुड़ने वाले रैम्पों के कारण सड़क पर पानी जमा होने की समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित रैम्पों के संबंध में जारी नोटिसों के आधार पर दीपावली के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन का जोर ऐसे अवरोधों को दूर करने पर है, जिनसे बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव हो सकता है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मार्बल गोदामों में वर्षा जल संचय की अपील

किशनगढ़ के मार्बल औद्योगिक क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए कलक्टर ने मार्बल एसोसिएशन के माध्यम से गोदामों और संबंधित परिसरों में वर्षा जल संचय की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। इसका उद्देश्य परिसरों में जमा होने वाले बारिश के पानी को सीधे हाईवे पर आने से रोकना है, ताकि सड़क पर जलभराव की स्थिति नहीं बने और यातायात सुरक्षित बना रहे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को मेगा हाईवे का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला, उपखंड अधिकारी अनिल चौधरी, रीडकोर के पवन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।